विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर देहात में मेडिकल कॉलेज में एक करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक NICU, 10 बेड होंगे 

Published: Mon, 09 Nov 2026 02:35 PM (IST)

कानपुर देहात के मेडिकल कॉलेज में नवजात शिशुओं के लिए एक करोड़ रुपये की लागत से 10 बेड वाली अत्याधुनिक एनआईसीयू स्थापित करने की तैयारी है।

ये तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है।

ये तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है।

HighLights

  1. मेडिकल कॉलेज में एक करोड़ की लागत से एनआईसीयू बनेगी।

  2. 10 बेड और अत्याधुनिक जीवन रक्षक उपकरण उपलब्ध होंगे।

  3. गंभीर नवजातों को जिले में ही बेहतर उपचार मिलेगा।

जागरण संवाददाता, कानपुर देहात। नवजात शिशुओं को बेहतर और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल कालेज के महिला अस्पताल में अत्याधुनिक नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआइसीयू) स्थापित करने की तैयारी है।

करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस यूनिट में 10 बेड की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही वेंटीलेटर समेत उच्च गुणवत्ता वाले जीवन रक्षक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।

मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इससे जन्म के बाद गंभीर स्थिति में पहुंचने वाले नवजातों को जिले में ही बेहतर उपचार मिल सकेगा और स्वजन को दूसरे जिलों के अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. अंबरीश कुमार गुप्ता ने नवजातों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए एनआइसीयू की आवश्यकता महसूस करते हुए प्रस्ताव तैयार कराया है। सर्दी का मौसम शुरू होने के चलते इस सुविधा को जल्द से जल्द शुरू कराने की पहल की गई है।

प्राचार्य के अनुसार जन्म के समय कई नवजातों में स्वास्थ्य संबंधी गंभीर जटिलताएं सामने आती हैं। कुछ बच्चों को जन्म के तुरंत बाद सांस लेने में परेशानी होती है, जबकि कुछ का वजन सामान्य से काफी कम होता है। समय से पहले जन्म लेने वाले बच्चों में संक्रमण, शरीर का तापमान नियंत्रित न रहना और रक्त में शुगर की कमी जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं।

ऐसी स्थिति में सामान्य वार्ड में उपचार पर्याप्त नहीं होता। नवजातों को चौबीस घंटे चिकित्सकीय निगरानी और विशेष देखभाल की जरूरत पड़ती है। प्रस्तावित एनआइसीयू में इन सभी समस्याओं से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे गंभीर नवजातों को समय पर उपचार मिल सकेगा और उनकी स्थिति के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।

वेंटीलेटर और आधुनिक उपकरणों से होगी निगरानी

प्रस्तावित एनआइसीयू में 10 बेड के साथ वेंटीलेटर और अन्य जीवन रक्षक उपकरण लगाए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर नवजात को सांस लेने में सहायता दी जा सकेगी। इसके अलावा हृदय की धड़कन, सांस लेने की गति, आक्सीजन का स्तर और शरीर के तापमान की लगातार निगरानी की व्यवस्था होगी। संक्रमण से बचाव और नियंत्रित तापमान के साथ बच्चों को विशेष देखभाल उपलब्ध कराई जाएगी। पहले चरण में आधुनिक तकनीक वाला एक वेंटीलेटर स्थापित किया जाएगा। इसके बाद आवश्यकता के अनुसार सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. अंबरीश कुमार गुप्ता ने बताया कि गंभीर रूप से बीमार नवजातों को जिले में ही समुचित उपचार उपलब्ध कराने के लिए करीब एक करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही आगे की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।