कानपुर देहात में गैस सिलिंडर फटा, कच्चे मकान की छत ढही; आग लगने से 6 साल का मासूम झुलसा
कानपुर देहात के अमरौधा में खाना बनाते समय गैस सिलिंडर लीकेज से आग लग गई, जिससे सिलिंडर फटने पर कच्चे कमरे की छत गिर गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात। अमरौधा में खाना बनाते समय गैस सिलिंडर लीकेज होने से आग लग गई। आग फैलने पर सफाई कर्मी अपने परिवार के साथ घर से बाहर भाग निकले।
इसी दौरान सिलिंडर फटने से कच्चे कमरे की छत गिर गई। हादसे में सफाई कर्मी का छह वर्षीय बेटा राघव मामूली रूप से झुलस गया। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कपड़े, अनाज और फर्नीचर जलकर राख हो गए।
अमरौधा निवासी अजीत वाल्मीकि सफाई कर्मी हैं। रात में उनके घर पर खाना बन रहा था। इसी दौरान गैस सिलिंडर से गैस का रिसाव होने लगा और आग लग गई। पास में मौजूद उनका छह वर्षीय बेटा राघव आग की चपेट में आकर मामूली रूप से झुलस गया।
आग बढ़ती देख अजीत और उनके परिवार के अन्य सदस्य जान बचाने के लिए घर से बाहर निकल आए। इसी बीच सिलिंडर फट गया, जिससे कच्चे कमरे की छत गिर गई। घटना से आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से अजीत के अलावा उनके भाई संतोष और राजकुमार के कपड़े, अनाज और फर्नीचर जल गए। बताया गया कि एक ही मकान में सात भाई अपने परिवारों के साथ रहते हैं।
ऐसे में आग लगने से पूरे परिवार में दहशत फैल गई। एफएसओ कपिल चाहर ने बताया कि आग लगने के बाद स्वजन समय रहते घर से बाहर निकल आए थे। दमकल कर्मियों ने मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया।
