यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 15, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पुलिस कस्टडी में व्यापारी की मौत मामले में आरोपित पुलिसकर्मी फरार, मानवाधिकार आयोग ने तलब की रिपोर्ट
कानपुर देहात में पुलिस द्वारा की गई बरबरता के बाद व्यापारी की मौत मामले में अब मानवाधिकार ने संज्ञान लिया है। आयोग ने डीएम और एसपी से रिपोर्ट मांगी है। वहीं दूसरी ओर आरोपित पुलिसकर्मी का अब तक कोई अता-पता नहीं है।

जागरण संवाददाता, कानपुर: रनियां थाने में पुलिस की पिटाई से जान गंवाने वाले व्यापारी बलवंत के साथ हिरासत में लिए गए एक और युवक राम सिंह राठौर की भी हालत बिगड़ती जा रही है। बुधवार को पुलिस उसे हवासपुर सीएचसी लेकर पहुंची जहां डाक्टर ने बताया कि उसे बुखार है। राम सिंह ने बताया कि उसके सामने ही बलवंत की पिटाई की गई थी जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
बलवंत सिंह की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी बताया गया है कि उसकी मौत पिटाई के चलते हुई है, साथ उसके शरीर पर दो-दर्जन से भी अधिक चोट के निशान मिले हैं। वहीं चार घंटे मशक्कत के बाद प्रशासन ने बलवंत के परिवार को मनाया और बिठूर में गंगा तट पर शव का अंतिम संस्कार किया गया। मामले पर एडीजी भानु भास्कर ने कहा कि निलंबित सभी 11 पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। उनकी तलाश में तीन टीमें लगाई गई हैं।
यह है मामला
कानपुर देहात के शिवली क्षेत्र के सरैया लालपुर निवासी सर्राफ चंद्रभान सिंह से छह दिसंबर को चार लाख रुपये की लूट हुई थी। मामले में सोमवार शाम शिवली थाने की पुलिस और एसओजी चंद्रभान के 26 वर्षीय व्यापारी भतीजे बलवंत सिंह को रनियां थाने ले गई, जहां पुलिस ने उसकी जमकर पिटाई की। रात करीब 11 बजे बलवंत की हालत बिगड़ी तो पुलिसकर्मी उसे अस्पताल ले गए। जिला अस्पताल में डाक्टर पवन पार्या ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसी मामले में अविनाश कुशवाहा, सूरज व कल्लू के साथ ही मुखबिरी के शक में पुलिस ने महिपालपुर शिवराजपुर के राम सिंह राठौर को भी पकड़ा था।
बलवंत के साथी की भी हालत गंभीर
बलवंत के साथ गिरफ्तार किए गए अन्य दो को तो जेल भेज दिया गया, लेकिन रामसिंह को मंगलपुर थाने में रखा गया था। बुधवार शाम उसकी भी तबीयत बिगड़ गई। हवासपुर सीएचसी में डा. गौरव ने उसे बुखार होने की बात कहकर भर्ती कर लिया। राम सिंह ने बताया कि मेरे सामने ही रनियां थाने में बलवंत को पीटा था। इससे मैं सहम गया था। बलवंत की जान चली गई तो मुझे मंगलपुर थाने भेज दिया गया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया है कि बलवंत सिंह के शरीर में हर जगह पिटाई के निशान हैं साथ ही सिर में आई चोटों से उसकी जान गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भले ही शरीर में चोटों के 24 निशान मिले हैं, लेकिन एक वीडियो प्रचलित है जिसमें बलवंत के शरीर में हर जगह पिटाई के निशान दिखे हैं। मंगलवार रात कानपुर में हुए पोस्टमार्टम से पता चला है कि सिर में लाठी और डंडों की चोट से बलवंत कोमा में चला गया जिससे उसकी मौत हुई। उसकी पीठ, कमर, कमर से नीचे, दोनों पैरों, जांघों के साथ ही सिर पर करीब 24 निशान चोटों के मिले हैं। उसे इतना पीटा गया कि शरीर में जगह-जगह नीले और काले निशान पड़ गए। बलवंत के पेट से केवल 100 मिली लीटर पचा खाना मिला। यानी उसने आधा पेट खाना खाया हुआ था। पैनल के डाक्टर भी चोटें देखकर हैरान रह गए और कहा कि पहली बार किसी के साथ ऐसी बर्बरता देखी।
मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान
घटना का संज्ञान लेते हुए मानवाधिकार आयोग ने डीएम और एसपी से रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने घटना को गंभीर मानते हुए कहा है कि मानव अधिकार के हनन का ये प्रत्यक्ष उदाहरण है और डीएम-एसपी मामले की संयुक्त जांच कर 28 दिसंबर तक आयोग को रिपोर्ट दें। इसके बाद आयोग कार्रवाई के लिए निर्देशित करेगा।
फरार हैं आरोपित पुलिसकर्मी
उधर, बलवंत की हत्या के मुकदमे में नामजद पांचों पुलिसकर्मी फरार हैं और उनके मोबाइल फोन भी बंद हैं। दावा किया जा रहा है, एएसपी घनश्याम चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस की छह टीमें दबिश दे रही हैं। कानपुर, प्रयागराज व दिल्ली में भी आरोपितों की तलाश हो रही है। नामजद आरोपितों में शिवली कोतवाल रहे राजेश सिंह, एसओजी प्रभारी प्रशांत गौतम, दारोगा शिवप्रकाश सिंह, दारोगा ज्ञान प्रकाश पांडेय, कांस्टेबल महेश शामिल हैं। संदिग्ध भूमिका के लिए जिला अस्पताल का एक अज्ञात डाक्टर भी मुकदमे में आरोपित है। एसपी सुनीति ने बताया कि एएसपी के नेतृत्व में छह टीमें लगीं हैं और इस पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
परिवार की मांग
पुलिस की बरबरता झेल रहे परिवार ने एक करोड़ रुपये मुआवजा, दिवंगत की पत्नी शालिनी को सरकारी नौकरी, 24 घंटे में आरोपित पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी और हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज से मामले की जांच की मांग रखीहै। हालांकि, सांसद देवेन्द्र सिंह भोले के समझाने के बाद बलवंत ता अंतिम संस्कार हो सका। प्रशासन की ओर से चार लाख रुपये का चेक और अंतिम संस्कार के लिए 30 हजार की धनराशि की मदद दी गई। परिवार को विधवा और वृद्धा पेंशन के साथ ही चार बीघा जमीन का पट्टा और मुख्यमंत्री आवास दिया जाएगा। दिवंगत की पत्नी को सरकारी नौकरी दिए जाने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री को भेजने पर सहमति बनी।