तापमान बढ़ने व लू चलने से गर्मी ने सताया
जागरण संवाददाता कानपुर देहात जिले में मंगलवार को मौसम ने करवट ली और तापमान बढ़ने के
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : जिले में मंगलवार को मौसम ने करवट ली और तापमान बढ़ने के साथ ही लू चली। इससे लोगों को गर्मी से परेशान होना पड़ा। वहीं चक्रवाती तूफान के प्रभाव से अगले 48 घंटों में बूंदाबांदी के साथ ही तेज हवा चलेगी। इसके साथ ही तापमान में गिरावट होने से लोगों को गर्मी व तपन से राहत मिलेगी।
पिछले सप्ताह हुई बारिश के बाद मंगलवार को चली गर्म हवा ने लोगों को खासा परेशान किया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 24.4 रहा। हवा की गति 8.7 किमी प्रति घंटे रहने के कारण लोगों को लू ने परेशान किया और खासकर आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ा। लोग घरों में ही ज्यादातर रहे वहीं ग्रामीण क्षेत्र में बच्चों व किशोर ने तालाब व नहर में नहाकर गर्मी मिटाई। उधर बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान के प्रभाव से जल्द ही मौसम में परिवर्तन होगा। इससे तापमान में गिरावट होने के साथ ही बूंदाबांदी की संभावना भी जताई गई है, जिससे लोगों को गर्मी व तपन से निजात मिलेगी। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि चक्रवात यास के प्रभाव से कानपुर, कानपुर देहात के साथ ही आसपास के जिलों में मौसम में परिवर्तन होगा। इसके साथ ही हवा की गति 15-20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी।
पूर्वा हवा चलने से गर्मी के कारण नम हवा बादलों में तब्दील हो जाएगी, जिससे बारिश की संभावना बन रही है। उन्होंने बताया कि 29 मई तक मध्यम व हल्की बारिश होगी। इससे तापमान में गिरावट होने से लोगों को गर्मी व तपन से राहत मिलेगी।