होलिका दहन के साथ ही उड़ा अबीर गुलाल
जागरण संवाददाता कानपुर देहात जिले के बुधवार रात शुभ मुहूर्त में विधि विधान से पूजन के ब
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात: जिले के बुधवार रात शुभ मुहूर्त में विधि विधान से पूजन के बाद होलिका दहन किया गया। लोगों ने होली जलाकर फेरे लिए और बालियां भूनी। जिले में कुल 1738 स्थानों पर होलिका दहन हुआ। इसके साथ ही रंग खेलने की शुरुआत हो गई।
बुधवार को दिन में अकबरपुर नगर पंचायत में पुराना बस स्टाप चौराहा, अयोध्या नगर में अध्यक्ष ज्योतिषना कटियार व ईओ देवहुति पांडेय की मौजूदगी में होलिका की प्रह्लाद संग सुंदर झांकी सजाई। होलिका की आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण रही। रात में मंत्रोच्चार के बीच पूजन कर होलिका दहन हुआ। इस दौरान लोगों ने जौ की बालियां भूनी और होलिका दहन के चारों ओर फेरे लगाए। यहां महेंद्र कटियार, सौरभ राजेश आदि रहे। रूरा, डेरापुर, झींझक, शिवली, सिकंदरा, पुखरायां, माती, भोगनीपुर, रनियां, सरवनखेड़ा व बरौर समेत आदि स्थानों पर होलिका दहन किया गया। छह तहसीलों में कुल 13 स्थानों पर संवेदनशील श्रेणी की होली होने के चलते प्रशासनिक अफसरो की मौजूदगी में होलिका दहन कराया गया। इधर मलासा ब्लाक के जुनेदापुर गांव के बालाजी धाम मंदिर परिसर से बुधवार शाम केला देवी मंदिर के महंत कमलकांत की अगुवाई में प्रभात फेरी निकाली गई। शाम 6:30 बजे से 7:30 बजे तक मंदिर में आरती हुई। इसके बाद मंत्रोच्चार संग डेढ़ लाख से अधिक नारियलों की होलिका का दहन किया गया।