फैक्ट्री में 1814 लीटर सरसों तेल सीज
जागरण संवाददाता कानपुर देहात त्योहारी सीजन पर खानपान पदार्थों पर मिलावट रोकने के लिए ख
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात: त्योहारी सीजन पर खानपान पदार्थों पर मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा टीमों का औचक छापेमारी अभियान जारी रहा। मंगलवार को रनियां स्थित फैक्ट्री में 1.26 लाख कीमत का 1814 लीटर सरसों तेल सीज किया गया। टीमों ने दो जगहों से सरसों तेल व खोया के नमूने संकलित किये हैं।
मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश दीक्षित, धीरज दीक्षित, अनुराग सिंह, सुभा कनौजिया व विनीता यादव की टीम ने रनियां स्थित वैभव एडबिल प्राइवेट लिमिटेड में औचक छापेमारी की। इस दौरान न्यू सरसों कोल्हू एक्टिव, ब्लैण्डेड एडबिल, वेजिटेबिल आयल, सरसों का तेल व राइस ब्रायल आयल का परीक्षण किया गया। खामियां मिलने पर खाद्य सुरक्षा टीम ने 1.26 लाख रुपये कीमत का 120 टीन में रखा 1814 लीटर न्यू सरसों कोल्हू एक्टिव सीज कर दिया। साथ ही अन्य के नमूने संकलित किये। इसके बाद टीम ने रसूलाबाद के बेला रोड स्थित जावेद के यहां छापेमारी करते हुए खाद्य पदार्थों को जांचा और यहां से सरसों तेल का नमूना संकलित किया। वहीं बरौर के भरतौली में कृष्ण कुमार के यहां से खोया का नमूना लिया गया है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश दीक्षित ने बताया कि रनियां स्थित फैक्ट्री से सरसों तेल सीज किया गया है। नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।