मिलावट की संभावना पर 124 किलो इमरती कराई नष्ट
जागरण संवाददाता कानपुर देहात त्योहारों को देखते हुए खाद्य विभाग की ओर से मंगलवार रसूल
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : त्योहारों को देखते हुए खाद्य विभाग की ओर से मंगलवार रसूलाबाद, सिकंदरा व मैथा तहसील में अभियान चलाया गया। इस दौरान छह खाद्य वस्तुओं के नमूने संकलित किए गए। वहीं मिलावट की प्राथमिक स्तर पर पुष्टि होने पर 124 किलो इमरती व 40 किलो खोये को नष्ट कराया गया। प्रतिष्ठानों में अव्यवस्था व सफाई का अभाव मिलने पर संचालकों को चेतावनी दी गई।
त्योहारों में अधिक से अधिक मुनाफा कमाने के लिए खाद्य विक्रेता मिलावट करने से नहीं चूक रहे हैं। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से अभियान चलाया गया, जिसके तहत सिकंदरा तहसील में एसडीएम आरसी यादव व खाद्य सुरक्षाधिकारी धीरज दीक्षित के नेतृत्व में पटेल चौक स्थित सुधीर कुमार कटियार के प्रतिष्ठान से सूखी रंगीन इमरती का नमूना संग्रहित किया। प्राथमिक स्तर पर ही मिलावट की पुष्टि होने पर 124 किलो इमरती को नष्ट कराया गया। इसके बाद शिवाराय बंगाली के यहां से बर्फी का नमूना लिया गया। मैथा तहसील में एसडीएम रामशिरोमणि के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षाधिकारी अनुराग सिंह ने बाघपुर स्थित मुलायम होटल व शिवली में दूध बर्फी व इमरती का नमूना लिया। वहीं रसूलाबाद तहसील में नायब तहसीलदार मनोज रावत के नेतृत्व में रामआसरे के प्रतिष्ठान से खोये का नमूना संकलित किया। मिलावट की संभावना पर 40 किलो खोये को नष्ट कराया गया। रहीम नगर स्थित प्रतिष्ठान से सरसों तेल का नमूना संकलित किया। गुणवत्ता सही न पाये जाने पर 17760 रुपये कीमत का 148 लीटर सरसों तेल सीज कर दिया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षाधिकारी शैलेश दीक्षित ने बताया कि मिलावटखोरी रोकने के लिए जिले में अभियान जारी रहेगा।