होली मनाने ससुराल गया था युवक, पेड़ पर लटका मिला उसका शव
सनिगवां कानपुर से पत्नी व बच्चों से मिलने फतेहपुर हुसेनगंज थाना के चितीसापुर गांव गया था।
कानपुर, जेएनएन। शहर के सनिगवां से युवक होली पर पत्नी व बच्चों से मिलने फतेहपुर केचितीसापुर गांव ससुराल गया था। शनिवार की सुबह उसका शव गांव के बाहर पेड़ पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई, जानकारी पर परिजन भी चले गए। पुलिस ने घटना की पड़ताल शुरू की है, ग्रामीणों में हत्या की भी चर्चा बनी है।
चकेरी सनिगवां निवासी 32 वर्षीय श्रवण कुमार दिवाकर दिल्ली में कपड़ों की सिलाई करता है। दिल्ली से लौटकर वह 19 मार्च को होली मनाने के लिए पत्नी, बच्चों के पास ससुराल फतेहपुर चितीसापुर गांव गया था। शनिवार भोर पहर जंगल की ओर निकले ग्रामीणों ने उसका शव नीम के पेड़ पर लटका देखा। घटना की सूचना मिलते ही पत्नी रिंकी, पुत्री साक्षी, पुत्र सिद्धू व गोलू बिलखते मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों में हत्या को लेकर भी चर्चा होती रही और फिर पुलिस को सूचना दी गई। थाने से पहुंचे पुलिस कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से शव नीचे उतारा और छानबीन की। फतेहरपुर हुसैनगंज प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दी गई है। घटना की पड़ताल की जा रही है।