खूबसूरती पर चार चांद लगाएंगी ये आंखें, जैसी होगी ड्रेस वैसा होगा रंग
पार्टी ड्रेस के अनुसार युवतियों में कॉन्टेक्ट लेंस का क्रेज बढ़ता जा रहा है।
कानपुर,[जागरण स्पेशल]। चेहरे की खूबसूरती में आंखें सबसे अहम होती हैं। अभी तक जन्म में मिला आंखों का रंग ही दिखता था लेकिन अब युवतियों की खूबसूरती पर अलग-अलग रंग की आंखें चार चांद लगा रही हैं। ये आंखें पार्टी में ड्रेस के अनुसार रंग बदल लेती हैं। इन आंखों की कीमत भी बजट में फिट बैठ रही है, जिसके चलते कॉन्टेक्ट लेंस का क्रेज अब बढ़ गया है। शहर में सबसे ज्यादा दीवानगी ऐश्वर्या राय जैसी नीली और करीना कपूर जैसी हरी आंखों का है।
फैशन का प्रमुख अंग कांटेक्ट लेंस
एक समय था जब प्राकृतिक रूप से बादामी, चमकीली, कंटीली और बड़ी आंखों को श्रेष्ठतर आंका जाता था। अब समय बदल गया है। प्राकृतिक खूबसूरती की जगह आप्टिकल कांटेक्ट लेंस लेते जा रहे हैं। चश्मे का विकल्प बनकर बाजार में आए आप्टिकल कांटेक्ट लेंस अब फैशन का प्रमुख अंग बनते जा रहे हैं। बॉलीवुड की तर्ज पर शहर में भी कलर्ड कांटेक्ट लेंस की मांग लगातार बढ़ रही है। तमाम युवतियों को ड्रेस कोड के हिसाब से आंखों का रंग बदल रही हैं। बाजार भी इसके लिए तैयार है और सिंगल यूज कांटेक्ट लेंस से लेकर अच्छी क्वालिटी के लेंस बड़ी मात्रा में लोगों तक पहुंचाए जा रहे हैं।
लड़के भी अब नहीं रहे पीछे
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. कपिल पालीवाल के मुताबिक इन दिनों कांटेक्ट लेंस लगाने का चलन तेजी से बढ़ा है। लड़कियों की कास्मेटिक किट में यह प्रमुख रूप से शामिल हो गए हैं। लड़के भी इसमें पीछे नहीं है। कांटेक्ट लेंस के बढ़ते प्रयोग से उसकी गुणवत्ता में भी सुधार आ गया है। वर्तमान में एडवांस और फोल्डेबल लेंस आ गए हैं। इसके साथ ही ये पहले से कहीं अधिक सॉफ्ट और ट्रांसपेरेंट हैं ताकि कार्निया सुरक्षित रहे। पहले इन्हें हर चार से पांच घंटे के अंतराल में हटाना जरूरी होता था, लेकिन अब ऑक्सीजन परमिसेबल लेंस होने की वजह से ऐसा करना जरूरी नहीं है।
तीन सौ से दस हजार तक का खर्च
सामान्य और कस्टमाइज (कार्निया के साइज के हिसाब) कांटेक्ट लेंस उपलब्ध हैं। एक बार इस्तेमाल होने वाले कलर्ड लेंस की कीमत जहां सिर्फ 300 रुपये है। वहीं अच्छी क्वालिटी के लेंस एक हजार से सात हजार रुपये तक मिल रहे हैं। कुछ सेंटर आंखों की कार्निया के साइज के हिसाब से कंपनियों को ऑर्डर दे रहे हैं। इन लेंसों की कीमत 3 हजार से 10 हजार रुपये तक है।
इन रंगों में उपलब्ध हैं लेंस
कांटेक्ट लेंस के लिए कानपुर शहर में 15 प्रमुख सेंटर हैं, जहां लेंस की पूरी रेंज और बेहतर क्वालिटी उपलब्ध है। यहां पर ग्रे, ब्राउन, ब्लू, ग्रीन, वॉयलेट, कांबिनेशन में हनी, क्रीम, ब्लू, हेजल, डार्क ब्लू और एक्वा कलर के लेंस आसानी से मिल जाते हैं। इन्हें लगाना भी अब बहुत आसान हो गया है। कुछ सेकेंड में अपने हाथ की अंगुली से इन्हें रेटिना पर लगा सकते हैं।
इन बातों का जरूर ध्यान रखें
- कार्निया में 70 फीसद मात्रा पानी की होती है। इसमें रक्त नलिकाएं नहीं होतीं। इसलिए सावधानी बरतें।
- कार्निया को ऑक्सीजन की जरूरत होती है, इसलिए अच्छी क्वालिटी के लेंस भी 8 से 10 घंटे में जरूर हटाएं।
- धूल-धुएं में जाने से बचें, आंख में लालिमा आए तो समझें लेंस से एलर्जी हो रही है।
- साफ-सफाई नहीं रखने से संक्रमण का खतरा हो सकता है।
- लंबे समय तक लगाने से कार्निया में घाव हो सकता है।