पत्नी व ग्रामीण चिल्लाते रहे पर युवक ने कुएं में लगा दी छलांग Kanpur News
तीन वर्ष से कैंसर से पीडि़त था कुआं गहरा होने से सुबह तक नहीं निकाला जा सका शव।
कानपुर, जेएनएन। बिठूर के टिकरा कुशल पुरवा गांव में कैंसर पीडि़त 40 वर्षीय राज कुमार कमल ने पत्नी व ग्रामीणों के सामने कुएं में कूदकर जान दे दी। पत्नी व ग्रामीण उसे रुकने के लिए चिल्लाते रहे पर उसने किसी की नहीं सुनी।
राज कुमार राज मिस्त्री का काम करता था और तीन वर्ष से कैंसर से पीडि़त थे। इससे परेशान होकर शुक्रवार रात पत्नी रूबी को बिना कुछ बताए वह घर से निकल आए। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजन इधर उधर ढूंढ़ते रहे। तभी रात में एक महिला ने गांव के बाहर राजकुमार को देखकर उसके परिजनों को जानकारी दी। पत्नी व गांव के लोगों को आता हुआ देख वह भागने लगा। ग्रामीणों व रूबी ने चिल्ला कर रुकने को कहा तो वह सभी की बातों को अनसुना करते हुए कुएं में कूद गया। घटना के दस घंटे बाद भी गहरे कुएं से शव को नहीं निकाला जा सका। मौके पर टिकरा मंधना बिठूर पुलिस बल मौजूद है। दमकल जवानों को बुलाया गया है। कुएं में करीब चालीस फीट तक पानी होने से दिक्कत आ रही है। डाले गए कांटे में कूदे युवक के कपड़े फंसकर निकले हैं। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। दादी महराना ने बताया राजकुमार 6 भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके एक छह माह की बेटी खुशी है।