शहर में बिगड़ा मौसम का मिजाज, आंधी ने बिगाड़ी चाल और बारिश से किसान बेहाल
क्षेत्रीय चक्रवात की वजह से मौसम में बदलाव आया है आने वाले तीन दिनों तक बारिश के आसार बन रहे हैं।
कानपुर, जेएनएन। पश्चिमी विक्षोभ और क्षेत्रीय चक्रवात की वजह से रविवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ गया। करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी ने शहरियों क ीचाल बिगाड़ दी तो बारिश ने किसानों को बेहाल कर दिया। खेत में कटी पड़ी गेहूं की फसल भीग गई और कटाई-मड़ाई का काम प्रभावित हो गया। कानपुर परिक्षेत्र में सात मिलीमीटर से ज्यादा बारिश हुई और आंधी से कई जगह पेड़ उखड़ गए। आसमान में तेज चमक और गरज के साथ बिजली कड़कती रही। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले तीन दिनों तक मौसम का उतार चढ़ाव यूं ही जारी रहेगा और बारिश के आसार बने रहेंगे।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है।अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार चढ़ाव जारी है, पिछले दो दिन से तापमान में परिवर्तन से कम वायुदाब का क्षेत्र विकसित हो गया। इस वायुदाब की वजह से क्षेत्रीय चक्रवात सक्रिय हुआ और शाम पांच बजे घने बादल छा गए। अचानक धूल भरी तेज आंधी के साथ काफी बादल छंट गए, हालांकि बाद में कुछ देर की बारिश ने तापमान में इजाफा कर दिया। बीते दो दिन से गर्मी और अचानक बढ़ी उमस से शहरी क्षेत्र में लोगों ने राहत महसूस की, वहीं ग्रामीण क्षेत्र में गेहूं की फसल की कटाई मड़ाई रुक जाने से किसान बेहाल नजर आए।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम वैज्ञानिक डॉ. नौशाद खान ने बताया कि क्षेत्रीय चक्रवात की वजह से 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलती है। रविवार की शाम को कम वायुदाब का क्षेत्र ज्यादा बन गया, जिसने आंधी का रूप ले लिया। हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा थी, अभी 29अप्रैल तक ऐसे ही मौसम रहेगा।अधिकतम तापमान 34.4 और न्यूनतम तापमान 24.4डिग्री सेल्सियस रहा। देर से बोई गई गेहूं को नुकसान हुआ है, भूसा और कटी हुई फसल भी प्रभावित हुई है।
दो दिन ओले गिरने की संभावना
मौसम विभाग की माने तो अभी ओलावृष्टि भी हो सकती है। आने वाले सोमवार और मंगलवार को ओले गिरने की संभावना जताई जा रही और तेज चमक के साथ बिजली भी कड़केगी।
पिछले साल भी आई थी आंधी
अप्रैल के आखिरी हफ़्ते में पिछले वर्ष भी काफी तेज आंधी आयी थी। मौसम विभाग ने 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार का आकलन किया था।
शहर में यहां गिरे पेड़
शहर में आंधी आने के बाद कई क्षेत्र में पेड़ गिर गए। सड़क पर पेड़ गिरने से आवागमन भी रुक गया। स्वरूप नगर, आवास विकास, कंपनी बाग चौराहे वाली रोड, किदवई नगर में पेड़ गिर गए हैं।