Weather Update : कानपुर समेत कई जिलों का मौसम बदला, कुछ स्थानों पर तेज हवा संग हुई बूंदाबांदी
कानपुर में शुक्रवार रात से मौसम बदला-बदला है। शनिवार सुबह जहां आसमान में बादल आते-जाते रहे वहीं रात में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई है। वहीुं असा-पास जिलों में भी बारिश हुई है जिससे मौसम सुहावना हो गया है।
कानपुर, जागरण संवाददाता। हवा की दिशा व रफ्तार बदलने के कारण एक बार मौसम में बदलाव हो रहा है। शनिवार तड़के से लेकर दोपहर तक आसमान में बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर तेज हवा संग बूंदाबांदी भी हुई। रात में मौसम ने करवट ली और एक बार फिर हवा के साथ बूंदाबांदी हुई है। इसी तरह हमीरपुर, महोबा, चित्रकूट, औरैया में भी शाम को बारिश से मौसम सुहावना हो गया। मौसम विज्ञानियों ने रविवार को भी गरज व चमक के साथ धूल भरी आंधी होने और हल्की बारिश के आसार जताए हैं।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं एयरफोर्स स्टेशन पर अधिकतम तापमान 43.3 व 30.3 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में बादल छाए रहने से तेज लू व तपिश से कुछ राहत मिली, लेकिन उमस ने परेशान कर दिया। अगले पांच दिन तक इसी तरह हल्के से मध्यम बादल छाए रहने और 25 मई तक आंधी के साथ कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने के आसार हैं। इस दौरान दिन के साथ ही रात का तापमान भी ज्यादा हो सकता है। डा. पांडेय ने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ 22 मई तक पश्चिमी हिमालय तक पहुंच सकता है। इसके कारण पहाड़ों पर प्री मानसून गतिविधियां होने के आसार हैं। विक्षोभ का प्रभाव गंगा के मैदानी इलाकों में ज्यादा नहीं होगा, लेकिन इसके कारण तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है। साथ ही आसमान में बादल छाए रहने की उम्मीद है।