Weather Update : दिन में धूप ने तपाया और शाम को तेज हवा ने सताया, चित्रकूट में आंधी ने थामी रफ्तार, हाईवे जाम
कानपुर समेत आसपास जिलों में मौसम में उतार चढ़ाव का सिलसिला जारी है। चित्रकूट में तेज आंधी आने से हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थमने से जाम लग गया। हमीरपुर और इटावा में आंधी और बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया।
कानपुर, जागरण संवाददाता। कानपुर समेत आसपास जिलों में मौसम में उतार चढ़ाव का सिलसिला जारी और बादलों की आवाजाही बनी हुई है। रविवार को पूरे दिन तेज धूप ने लोगों को परेशान किया तो शाम को तेज हवाओं ने सताना शुरू कर दिया। चित्रकूट में तेज आंधी में हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई और जाम लग गया। वहीं आंधी में कई जगह टीन शेड उड़ गए और पेड़ उखड़ गए, वहीं बिजल के खंभों के अलावा दोपहिया वाहन तक गिर गए। आंधी के बाद बारिश से मौसम सुहाना हो गया। हमीरपुर, औरैया और इटावा में आंधी के बाद बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया।
चित्रकूट : रविवार की शाम करीब पांच बजे पहाड़ी क्षेत्र में जबरदस्त आंधी आई कि सड़क पर चल रहे छोटे वाहन पलटने से लोग चुटहिल हो गए। दर्जनों पेड़ उखड़ गए और बिजली के पोल टूट गए। कई जगह दुकान व मकान के टिन शेड भी उड़ गए। तेज आंधी में कर्वी-राजापुर हाईवे-35 ए पर वाहनों की रफ्तार थमने से जाम लग गया। असोह श्रमदान के पास कच्चे मकान की दीवार गिरने से फतेहपुर धाता के रमपुरवा निवासी शत्रु जीत सिंह उर्फ मुन्ना जख्मी हो गया। मानिकपुर और जिला मुख्यालय में भी तेज हवा के साथ बारिश हुई। बारिश के बाद मौसम जरूर सुहाना हो गया। अधिकतम तापमान 42 व न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
औरैया : दो दिन से उमस होने से लोग परेशान थे। रविवार की शाम चार बजे के बाद मौसम अचानक बदला और तेज धूल भरी आंधी चलना शुरू हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 कानपुर इटावा हाईवे से लेकर मुख्य मार्गों पर धूल के गुब्बार रहे, जिससे वाहनों की रफ्तार थमी रही। कई जगह दुकान के बाहर रखे छप्पर व टीन शेड उड़ गए। तार टूटने से बिजली गुल हो गई। यहां अधिकतम तापमान 39 व न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इटावा : रविवार को सुबह 10 बजते-बजते तेज धूप के कारण लोगों की हालत खराब होने लगी थी। उमस व गर्म हवाओं ने लोगों को खूब छकाया। दुकानों पर बैठे दुकानदार भी पसीना-पसीना हो रहे थे। वहीं शाम को तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हो गई, जिससे मौसम सुहाना हो गया। दिन का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहा। शाम को तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी होने से मौसम में अचानक परिवर्तन हो गया। ठंडी हवा चलने से तापमान में भी गिरावट हो गई और घटकर 36 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
कानपुर देहात : मौसम ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में हो रही बढ़ोतरी ने उमस को बढ़ा दिया है। रविवार को न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान भी 40.8 डिग्री सेल्सियस रहा। गर्मी व उमस के कारण रूरा, अकबरपुर, शिवली, डेरापुर, रनियां सहित कस्बे की अन्य बाजारों में सन्नाटा रहा है। गर्मी व उमस के कारण लोगों को घरों में भी चैन नहीं मिला। वहीं बिजली की आंख मिचौली ने लोगों को और भी परेशान किया।