Weather Update: काले बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना, तापमान में गिरावट से सर्दी का होने लगा अहसास
Weather Update यूपी में गंगा मैदानी इलाकों में बारिश से मौसम में बदलाव आने के साथ तापमान में गिरावट हुई है। कानपुर समेत आसपास जिलों में आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और अगले कई दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है।
कानपुर, जागरण संवाददाता। Weather Update करीब 13 वर्ष बाद अक्टूबर के महीने में सामान्य से ज्यादा वर्षा हो रही है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम केंद्र के मुताबिक बुधवार सुबह आठ बजे से लेकर गुरुवार सुबह आठ बजे तक ही 55 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
अब तक अक्टूबर में 60.2 मिलीमीटर वर्षा हुई है, जबकि औसत वर्षा 41.2 मिलीमीटर है। जिस तरह से बादल छाए हैं, उससे अगले कुछ दिन तक वर्षा की संभावना बनी हुई है। इस दौरान तापमान में गिरावट रहेगी और सर्दी का अहसास बढ़ने के आसार हैं।
सीएसए के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि चीन महासागर से उठे नोरू तूफान के कारण बंगाल की खाड़ी में विकसित हुआ चक्रवाती परिसंचरण विभिन्न राज्यों में असर दिखा रहा है। चक्रवाती हवा का क्षेत्र बनने से आकाश में बादल छाए हैं और रुक-रुककर बूंदाबांदी व वर्षा करा रहे हैं।
गुरुवार को अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री व न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। भारतीय मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक मध्यम से घने बादल छाने के कारण गरज व चमक के साथ वर्षा की संभावना जताई है। डा. पांडेय के मुताबिक इस बार मौसम प्रणाली एक माह आगे बढ़ती हुई नजर आ रही है।