Weather Forecast Kanpur: आसमान में बादलों का डेरा, तापमान में इजाफा
कानपुर शहर के कुछ हिस्सों में सुबह के समय कुछ देर तक बादल छाए रहे लेकिन बाद में हवा उड़ा ले गई। दोपहर तक तेज चटक धूप और तापमान बढ़ जाने से लोग गर्मी से परेशान होते रहे।
कानपुर, जेएनएन। मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही जा रहा है, बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात का असर शहर में दिखाई देने लगा है। मानसूनी सिस्टम सक्रिय होने से तापमान में भी इजाफा शुरू हो गया है। आसमान में बादलों का डेरा होने से बारिश की संभावना बन रही हैं। हवाओं की रफ्तार भी तेज है और न्यूनतम-अधिकतम आद्रता में अंतर बना हुआ है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार मानसून लौट चुका है लेकिन फिर से मानसूनी सिस्टम सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात का असर हवाओं के साथ यूपी में भी आ चुका है। यहीं कारण है कि न्यूनतम तापमान में सामान्य से ज्यादा इजाफा हो रहा है। इससे बारिश की संभावना बनी है। शहर में बुधवार की सुबह आसमान में बादलों ने डेरा जमाया और बारह बजे तक हवाएं भी तेज रहीं। बाद में अचानक बादलों के उड़ जाने से चटक धूप ने गर्मी का एहसास कराया।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक था, वहीं न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक था। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 88 प्रतिशत और न्यूनतम 54 फीसद दर्ज की गई। उत्तर पूर्वी हवा की रफ्तार 2.8 किमी प्रतिघंटा रही। मौसम का पूर्वानुमान है कि आसमान में हल्के मध्यम बादल छाए रहेंगे और 17-18 अक्टूबर को बारिश होने की संभावना है।