Weather Forecast Kanpur: सुबह रही धूप और दिन में छायी रही बदली, एक हफ्ते से ऐसा है मौसम का मिजाज
Weather Kanpur Latest News पश्चिमी विक्षोभ के लेख लद्दाख के पास कमजोर पड़ने से शुष्क हवा आनी तेज। न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे अधिकतम भी जा रहा नीचे। तीन दिन पहले पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर लेह लद्दाख के पास सक्रिय हुआ है।
कानपुर, जेएनएन। उत्तर भारत में शीत लहर जैसी स्थितियां बन रही हैं। मौसम शुष्क है, जबकि सुबह और शाम को धुंध पड़ने लगी है। न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे जा रहा है। अधिकतम तापमान भी नीचे की ओर खिसकना शुरू हो गया है। यह स्थिति रही तो सर्दी इस वर्ष रिकार्ड कायम कर सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने हालात और बदतर होने की आशंका जताई है। हालांकि शनिवार को धूप का लुकाछिपी का खेल शाम तक चलता रहा।
शनिवार को कुछ यूं रहा मौसम का हाल
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम था। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 91 प्रतिशत और न्यूनतम 37 फीसद रहा। उत्तर पूर्वी दिशा में 1.4 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से सर्द हवाएं चलती रहीं। पूर्वानुमान है कि इस सप्ताह मध्य उत्तर प्रदेश के व्लाक एवं जिला स्तर पर आसमान साफ रहेगा।
पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर
ला नीना के प्रभाव से कैस्पियन सागर की ओर से ठंडी और शुष्क हवा उत्तर भारत की ओर आती है। यह मैदानी क्षेत्रों में बारिश कराती हैं, जबकि हिमालय पर बर्फ के रूप में जम जाती है। दूसरी और पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ गया है। यह तीन दिन पहले जम्मू कश्मीर, लेह लद्दाख के पास सक्रिय हुआ है। इसकी वजह से बारिश की संभावना बनती, लेकिन कमजोर पड़ने से हवा शुष्क बनी हुई है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश का मौसम दो माह से शुष्क
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक उत्तर प्रदेश में मौसम पूरी तरह से शुष्क बना हुआ है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में करीब दो महीने से मौसम शुष्क है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में अक्टूबर में कई जगह बारिश हुई थी। पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने से वर्षा के आसार न के बराबर हैं। दूसरी ओर ला नीना सक्रिय है। ठंड अधिक पड़ती है और सर्दी का समय लंबा हो जाता है।
अधिकतम और न्यूनतम तापमान की स्थिति (नवंबर)
तारीख अधिकतम न्यूनतम
एक 30.8 14.8
दो 30.0 14.6
तीन 31.0 11.0
चार 31.2 11.0
पांच 29.0 12.0
छह 30.2 12.2
(मात्रा डिग्री सेल्सियस में है।)