Weather Forecast Kanpur: फिर बन रहे बारिश के आसार, जानिए मौसम बिगडऩे के बाद क्या रहा तापमान
रविवार देर रात हुई बारिश के बाद कई शहरों में बदल गया मौसम का मिजाज। कानपुर झांसी प्रयागराज फैजाबाद बरेली आगरा आदि शहरों में वर्षा हुई। नई दिल्ली गुरुग्राम करनाल जबलपुर भोपाल इंदौर कोटा जयपुर आदि शहरों में रहा। सोमवार को दिन छाए रहे बादल तो और गिरने लगा तापमान।
कानपुर, जेएनएन। रविवार रात बिगड़े मौसम ने वातावरण में खुनकी को और भी बढ़ा दिया है। देर रात तक हुई बारिश के बाद सुबह भी बारिश के आसार दिख रहे थे। काफी देर तक रही बदली के बाद दोपहर में एक बजे के लगभग धूप निकली तो लोगों को कुछ राहत का अहसास हुआ।
दरअसल माँैसम में अचानक हुए इस बदलाव का भी एक कारण है। कारण है कि कैस्पियन सागर और भूमध्य सागर से 10 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ और यह ईरान, इराक, अफगानिस्तान, पाकिस्तान से होता हुआ पाकिस्तान और जम्मू कश्मीर के ऊपर सैकड़ों फीट की ऊंचाई पर पहुंच गया है। इसकी वजह से पश्चिमी हवा जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के पहाड़ी और गंगा व जमुना के मैदानी क्षेत्रों की ओर पहुंच रही है। यह पहाड़ों से टकराकर जहां बर्फबारी करेंगी, वहीं मैदानी इलाकों में वर्षा कराएंगी। रविवार देर रात तेज हवा संग बारिश हुई। कानपुर, झांसी, प्रयागराज, फैजाबाद, बरेली, आगरा आदि शहरों में वर्षा हुई। इसका असर नई दिल्ली, गुरुग्राम, करनाल, जबलपुर, भोपाल, इंदौर, कोटा, जयपुर आदि शहरों में रहा।
कुछ यूं रहा मौसम का मिजाज
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक था। सापेक्षिक आद्र्रता अधिकतम 96 प्रतिशत और न्यूनतम 74 फीसद रही। दक्षिण पश्चिम में 38.4 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलती रही। इस सप्ताह मध्य उत्तर प्रदेश के ब्लाक एवं जिला स्तर पर आसमान में हल्के बादल छाए रहने के कारण हल्की बारिश होने की संभावना है।