Move to Jagran APP

Weather Update : बारिश ने तपती धरती को किया ठंडा, कानपुर व आसपास के जनपदों में मौसम हुआ सुहाना

दो दिनों से हो रही रिमझिम बरसात ने दी लोगों को गर्मी से राहत सभी जिलों में गिरा पारा।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Published: Fri, 05 Jun 2020 11:44 AM (IST)Updated: Fri, 05 Jun 2020 11:44 AM (IST)
Weather Update : बारिश ने तपती धरती को किया ठंडा, कानपुर व आसपास के जनपदों में मौसम हुआ सुहाना
Weather Update : बारिश ने तपती धरती को किया ठंडा, कानपुर व आसपास के जनपदों में मौसम हुआ सुहाना

कानपुर, जेएनएन। प्री मानसून के सक्रिय होने से जून के महीने में हो रही बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है। बीते दो दिनों से हो रही रिमझिम बारिश से कानपुर और आसपास के जनपदों में मौसम सुहाना हो गया है। अभी और बारिश होने के आसार हैं। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग ने शनिवार को भी इसी तरह का मौसम रहने की आशंका जताई है।

loksabha election banner

कानपुर में प्री मानसून के चलते गुरुवार रात तीन बजे से लेकर शुक्रवार सुबह के साढ़े दस बजे तक बारिश जारी रही, जिससे मौसम ठंडा हो गया। अधिकतम तापमान 25.3 और न्यूनतम 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा। करीब 11 मिलीमीटर तक बारिश हुई है। हवा की गति 3.7 किलोमीटर प्रति घंटे रही। जालौन में गुरुवार देर रात से शुरू हुई बारिश सुबह तक रुक-रुककर जारी रही। सुबह से अभी तक धूप के दर्शन नहीं हुए हैं। यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं फर्रुखाबाद में गुरुवार दोपहर बाद से शुरू हुई बूंदाबांदी देर रात में रुक गई थी। शुक्रवार सुबह आसमान बादलों से घिरा है। हालांकि अभी बारिश या बूंदाबांदी नहीं हुई है। अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 23 रिकॉर्ड किया गया। फतेहपुर में गुरुवार की की रात से रिमझिम बारिश हो रही है। शुक्रवार को सुबह से फुहारी बारिश से तापमान लुढक कर 26 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जिले में 11 मिमी बारिश हुई है।

महोबा में सुबह 5 बजे से रिमझिम बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली। भोर से ही फुहारें गिर रही हैं और मौसम खुशगवार बना हुआ है। सुबह से धूप भी नहीं निकली। अधिकतम तापमान 26 व न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहा। कन्नौज में गुरुवार को बारिश हुई थी। शुक्रवार सुबह भी आसमान में बादल छाये रहे। हालांकि बूंदाबांदी नहीं हुई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं तपती बांदा की धरती को बारिश ने ठंडा कर दिया है। गुरुवार रात से ही बारिश शुरू हो गई। शुक्रवार सुबह से बूंदाबादी के बीच मौसम सुहाना रहा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री रहा। यहां 15 मिमी बारिश हो चुकी है।

उन्नाव में गुरुवार रात से ही हल्की बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 26 डिग्री रहा जो सामान्य से 16 डिग्री कम रहा तो न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहा जो सामान्य से 6 डिग्री कम रहा। देर रात से अब तक 15 एमएम बारिश हो चुकी है। चित्रकूट में गुरुवार शाम से लगातार बारिश के कारण जेठ में सावन सा नजारा बन गया है। लगातार करीब 18 घंटे से रुक रुक कर बारिश हो रही है। बुंदेलखंड में अर्से बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब जून में गर्मी के दौरान कूलर चलाने के बजाय लोग पंखा भी बंद कर रहे हैं। तुलसी कृषि विज्ञान केंद्र गनीवां के मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अभी शनिवार को भी बारिश के आसार हैं। जिले में विंध्य पर्वत श्रंखला का नजारा खूबसूरत हो गया है। यहां पारा लुढ़क कर पहुंचा 28 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। 19 मिमी बारिश हुई है। हमीरपुर में शुक्रवार सुबह पांच बजे से लगातार रिमझिम फुहारें गिरने का सिलसिला जारी है। मौसम में ठंडक होने के कारण लोगों ने सुकून का एहसास किया। अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कानपुर देहात में रात नौ बजे के बाद से हल्की बूंदाबांदी होती रही, शुक्रवार सुबह भी कुछ देर तक के लिए बूंबाबादी हुई है। अधिकतम तापमान 33.2, न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.