Bikru Case: किशोर न्याय बोर्ड में पेश हुई अमर दुबे की पत्नी, आख्या पर उठाए बचाव पक्ष ने सवाल
बिकरू कांड में मुख्य आरोपित विकास दुबे के खास साथी अमर दुबे की पत्नी को पुलिस ने सहआरोपित मानते हुए गिरफ्तार करके जेल भेजा था बाद में किशोर न्याय बोर्ड ने उसे नाबालिग करार दिया था और उसे बाराबंकी संप्रेक्षण गृह भेजा गया था।
कानपुर, जेएनएन। चौबेपुर के बिकरू कांड में आरोपित अमर दुबे की पत्नी को मंगलवार को बारबंकी से लाकर पुलिस ने किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया। बोर्ड के समक्ष मंडलीय मनोवैज्ञानिक जांच समिति द्वारा पेश की गई आख्या पर बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने आपत्ति जताई। इसपर सुनवाई के लिए बोर्ड अगली तिथि नियत कर दी है।
बिकरू कांड में मुख्य आरोपित विकास दुबे के साथी अमर दुबे के एनकाउंटर के बाद उसकी पत्नी काे पुलिस ने गिरफ्तार किया था और सहआरोपित बनाकर आठ जुलाई को जेल भेज दिया था। पिता की ओर से वकील ने विशेष न्यायाधीश एंटी डकैती कोर्ट में उसके नाबालिग होने का प्रार्थना पत्र दिया था। कोर्ट ने सुनवाई के लिए मामला किशोर न्याय बोर्ड स्थानांतरित कर दिया था। बोर्ड ने उसे नाबालिग माना था और 11 सितंबर को जेल से निकालकर बाराबंकी संप्रेक्षण गृह भेजा गया था।
अमर दुबे की पत्नी पर पुलिस ने हत्या, डकैती, हत्या का प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मंगलवार को पुलिस ने उसे किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया, जहां बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने मंडलीय मनोवैज्ञानिक जांच समिति की ओर से पेश की गई आख्या पर आपत्ति जताई। उसके बयान दर्ज कराने के बाद आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में बाराबंकी संवासिनी गृह भेज दिया गया। बचाव पक्ष के अधिवक्ता शिवाकांत दीक्षित ने बताया कि न्याय बोर्ड की ओर से अगली तारीख 20 अक्टूबर नियत की गई है।