Kanpur Encounter News: अमर के एनकाउंटर के बाद जिंदा सामने आए पिता, पत्नी समेत तीन गिरफ्तार, दो गुर्गे भी हत्थे चढ़े
Vikas Dubey News पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपितों को कानपुर देहात के न्यायाधीश के आवास पर पेश किया जहां से सभी को जेल भेजा गया है।
कानपुर, जेएनएन। हमीरपुर एनकाउंटर में मारे गए मोस्टवांटेड विकास दुबे के खास सहयोगी रहे अमर दुबे के पिता व पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं विकास के दो गुर्गों को भी पकड़ने में सफलता हासिल की है, इस दौरान मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से एक शातिर अपराधी जख्मी हुआ है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने देर शाम न्यायाधीश के आवास पर पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है।
दो दिन शादी को हुए और पुलिस ने किया गिरफ्तार
हमीरपुर में एसटीएफ के एनकाउंटर में मारे गए अमर दुबे के पिता संजीव दुबे को गिरफ्तार किया। वहीं शादी के दो दिन बाद हुई घटना में अमर की पत्नी खुशी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मां क्षमा दुबे दो दिन पहले ही जेल भेजी जा चुकी हैं। पुलिस ने हमले के एक अन्य आरोपित हीरू दुबे की मां शांति देवी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक अमर के पिता संजू, पत्नी खुशी और आरोपित हीरू की मां शांति देवी पर उन हमलावरों को उकसाने का आरोप है, जिन्होंने पुलिस पर हमला किया था।
पुलिस को बताया-मर चुके हैं अमर के पिता, आज निकले जिंदा
अमर दुबे के पिता संजीव दुबे उर्फ संजू पर शिवराजपुर, चौबेपुर व शिवली थाने में 13 मुकदमे दर्ज हैं। घर वालों ने पुलिस से बचने के लिए उनकी दुर्घटना में मौत होने की झूठी जानकारी दी थी। इसके बाद से पुलिस ने उसकी तलाश बंद कर दी थी। बाद में पता चला कि संजू जिंदा है, हादसे में सिर्फ उसका पैर कटा था। बुधवार को मुठभेड़ में अमर के मारे जाने के बाद पिता संजीव दुबे सामने आए और पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
50-50 हजार रुपये के इनामी दो गुर्गे भी हत्थे चढ़े
चौबेपुर पुलिस ने विकास के करीबी व पुलिसकर्मियों की हत्या में शामिल 50-50 हजार रुपये के इनामी श्यामू बाजपेयी और जहान यादव को भी गिरफ्तार किया है। श्यामू पुलिसकर्मियों की हत्या में शामिल था। उसके खिलाफ नामजद मुकदमा भी दर्ज है। उसका घर विकास के मामा प्रेम प्रकाश पांडेय के घर के ठीक बगल में है। पुलिस के मुताबिक मंगलवार रात उसे गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में पता चला कि उसने वारदात में प्रयोग किए जाने वाला तमंचा शिवली रोड पर छिपाया है।
चौबेपुर थाना प्रभारी कृष्ण मोहन राय के साथ पुलिस टीम जब तमंचा बरामदगी के लिए मौके पर पहुंची तो उसने तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया और भागने की कोशिश की। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई जो उसके दाहिने पैर में लगी। उस पर दो जुलाई से पहले कोई आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं था। एसएसपी दिनेश कुमार पी ने बताया कि अमर दुबे के घर वालों और श्यामू के अलावा जहान यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। वह कंजती के प्रधान वेद प्रकाश कुशवाहा के भाई जय प्रकाश की हत्या में नामजद है। उस पर गैंगस्टर की कार्रवाई भी हो चुकी है।