कानपुर आ रहे विहिप के केंद्रीय उपाध्यक्ष, राम मंदिर सहयोग निधि पर करेंगे चर्चा
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महामंत्री चंपत राय कानपुर में सामाजिक संगठनों के साथ बैठक करेंगे। इसमें वह राम मंदिर सहयोग निधि के बारे में जानकारी लेने के साथ ही पदाधिकारियों से चर्चा करके आगे रणनीति तय करेंगे।
कानपुर, जेएनएन। विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महामंत्री चंपत राय रविवार को कानपुर में राम मंदिर के निर्माण के लिए सहयोग निधि संकलन के लिए समाज के विभिन्न वर्गों के साथ बैठक करेंगे। वह कानपुर प्रांत में बनाई गई टोलियों की रूपरेखा भी जानेंगे।
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निधि समर्पण अभियान 15 जनवरी को मकर संक्रांति से शुरू हो रहा है। यह माघी पूर्णिमा यानी 27 फरवरी तक चलेगा। कानपुर प्रांत राम मंदिर आंदोलन के समय से बड़ा केंद्र रहा है, इसलिए चंपत राय का फोकस इस प्रांत पर भी है। वह तीन जनवरी को कानपुर आएंगे। कानपुर प्रांत का कार्यालय गोविंद नगर में श्रीमुनि िंटर कालेज परिसर में बनाया गया है। रविवार को चंपत राय इस कार्यालय में आएंगे। यहां प्रांत के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और पूरे प्रांत में बनाई गई टोलियों की रूपरेखा के बारे में भी जानेंगे।
समाज के लोगों को किस तरह इस अभियान से जोड़ा जाना है, इसके लिए अलग-अलग कई सामाजिक संगठनों से भी उनकी चर्चा होनी है। निर्धारित समय सीमा में किस तरह प्रांत के 11,241 गांवों तक टोलियां पहुंचेंगी और उनके लिए क्या तैयारी की गई है, इसको भी वह जानेंगे। उनके साथ चर्चा में प्रमुख रूप से श्रीराम मंदिर निधि समर्पण समिति कानपुर प्रांत के अभियान प्रमुख दीनदयाल गौड़, प्रांतीय हिसाब प्रमुख परमानंद अग्रवाल, प्रांतीय कार्यालय प्रमुख गंगा नारायण मिश्रा रहेंगे। इसके साथ ही संतों के मार्गदर्शन में जिलों में जो मार्गदर्शक मंडल बनाया जाना है। उनके नामों के बारे में भी जानेंगे।