Ramayana फिल्म पर विश्व हिंदू परिषद ने प्रतिबंध की मांग की, संगठन में एक करोड़ हितचिंतक जोड़ने का लक्ष्य
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) 22 नवंबर से 6 दिसंबर तक देशव्यापी हितचिंतक अभियान चलाएगा, जिसका लक्ष्य 2 लाख गांवों में 1 करोड़ हिंदुओं को जोड़ना है। संगठन ने रामायणम् फिल्म पर प्रतिबंध लगाने और राम मंदिर ट्रस्ट के चंदे में अनियमितताओं की जांच जारी करने की बात कही।

वीएचपी अंतरराष्ट्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे। जागरण
HighLights
विहिप का हितचिंतक अभियान 22 नवंबर से 6 दिसंबर तक चलेगा।
एक करोड़ हिंदुओं को जोड़ने का लक्ष्य, पिछली बार 72 लाख जुड़े थे।
रामायण फिल्म पर प्रतिबंध और राम मंदिर चंदे पर बयान।
जागरण संवाददाता, कानपुर। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) का देशव्यापी हितचिंतक अभियान 22 नवंबर से छह दिसंबर तक चलेगा। अंतरराष्ट्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे ने रविवार को आर्यनगर के गैंजेस क्लब में आयोजित ‘मंगल मिलन’ कार्यक्रम में बताया कि दो लाख गांवों तक पहुंच एक करोड़ हिंदुओं को हितचिंतक बनाने का लक्ष्य है। पिछली बार 72 लाख लोग जुड़े थे। प्रदेश में 25 लाख से अधिक लोगों को जोड़ने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि विहिप में सदस्यता की परंपरा नहीं है और संगठन सभी हिंदुओं को अपना मानता है। हितचिंतक बनने के लिए 20 रुपये शुल्क निर्धारित है। यह अभियान प्रत्येक तीन वर्ष में चलाया जाता है। इसके जरिये लोगों को संगठन के सेवा, सुरक्षा और संस्कार संबंधी कार्यों तथा देश-विदेश की गतिविधियों से अवगत कराया जाता है।
रामायणम् फिल्म पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन को छोटा दिखाने और रावण का महिमामंडन करने का प्रयास हुआ है, जिससे हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
विहिप ने फिल्म का सेंसर प्रमाणपत्र रद करने और प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। राम मंदिर ट्रस्ट के चंदे में कथित अनियमितताओं पर उन्होंने कहा कि जांच जारी है, एसआइटी चार्जशीट दाखिल कर चुकी है और कानून अपना काम करेगा। उन्होंने कहा कि समर्पण निधि में चोरी नहीं हुई है।