कानपुर को वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सौगात, 4 घंटे में दिल्ली का सफर
कानपुर को वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सौगात मिली है, जिससे अब दिल्ली का सफर मात्र चार घंटे ...और पढ़ें

HighLights
कानपुर को वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन मिली
दिल्ली का सफर अब मात्र चार घंटे में पूरा होगा
यह ट्रेन व्यापार, पर्यटन और आर्थिक विकास को बढ़ावा देगी
जागरण संवाददाता, कानपुर। वाराणसी-नई दिल्ली के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को मंजूरी मिल गई है। इसका फायदा कानपुर के लोगों को भी मिलेगा। चार घंटे में ये ट्रेन दिल्ली पहुंचा देगी। हाइस्पीड स्लीपर ट्रेन से उद्यमियों और आम यात्रियों के लिए दिल्ली, बनारस का सफर आसान और आरामदायक हो जाएगा। ये ट्रेन वाराणसी से निकलकर प्रयागराज, कानपुर होते हुए नई दिल्ली तक जाएगी।
ट्रेन की टाइमिंग यात्रियों के समय की बचत को ध्यान में रखकर तय की गई है। कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज से रात में ट्रेन पकड़कर यात्री तड़के ही दिल्ली पहुंच जाएंगे, जिससे उनको पूरा दिन कामकाज के लिए मिल जाएगा। वहीं, दिल्ली से देर रात ये ट्रेन निकलेगी। ट्रेन की समय सारिणी जारी नहीं की गई है। नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही समय का पता चल सकेगा।
कानपुर में वंदेभारत स्लीपर का ठहराव शहरवासियों के लिए बड़ी सौगात है। क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन और आर्थिक विकास को नई रफ्तार मिलेगी। हाइस्पीड स्लीपर ट्रेन से उद्यमियों और आम यात्रियों के लिए दिल्ली, बनारस का सफर आसान और आरामदायक हो जाएगा।
रमेश अवस्थी, सांसद
वहीं, उदयपुर तक ही चली असारवा एक्सप्रेस, परेशान रहे यात्री
अजमेर मंडल के उदयपुर-हिम्मतनगर खंड स्थित शामलाजी यार्ड में नान-इंटरलाकिंग कार्य के चलते ट्रैफिक ब्लाक लिया गया है। इस कारण ट्रेन नंबर 01905 कानपुर सेंट्रल-असारवा एक्सप्रेस सोमवार व पांच अक्टूबर को उदयपुर तक ही जाएगी। यह ट्रेन उदयपुर से असारवा के बीच आंशिक रद रहेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 01906 असारवा-कानपुर एक्सप्रेस 29 सितंबर व छह अक्टूबर को असारवा से उदयपुर के मध्य आंशिक रद रहकर केवल उदयपुर से कानपुर सेंट्रल तक चलेगी। इसके अलावा ट्रेन नंबर 01925 कानपुर सेंट्रल-मदुरै साप्ताहिक विशेष ट्रेन 30 सितंबर, सात व 14 अक्टूबर और 01926 मदुरै-कानपुर स्पेशल तीन, 10 व 17 अक्टूबर को निरस्त रहेगी। वहीं ट्रेन नंबर 04149 प्रयागराज-यशवंतपुर साप्ताहिक ट्रेन 30 सितंबर, सात व 14 अक्टूबर तथा 04150 यशवंतपुर-प्रयागराज स्पेशल तीन, 10 व 17 अक्टूबर को रद रहेगी।
