कानपुर में महिला T-20 क्रिकेट टीम में सेलेक्शन के लिए ट्रायल शुरू, 55 खिलाड़ी लेंगी हिस्सा
यूपीसीए ने घरेलू महिला टी-20 ट्रॉफी के लिए खिलाड़ियों का चयन शुरू किया है।

कानपुर के कमला क्लब में दो दिवसीय ट्रायल में प्रदेश की 55 महिला क्रिकेटर हिस्सा ले रही
HighLights
यूपीसीए ने महिला टी-20 ट्रॉफी के लिए चयन प्रक्रिया शुरू की।
कानपुर के कमला क्लब में 55 खिलाड़ियों के ट्रायल मैच।
प्रदर्शन के आधार पर उत्तर प्रदेश की टीम का होगा चयन।
जागरण संवाददाता, कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से घरेलू महिला टी-20 ट्रॉफी के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कमला क्लब में दो दिवसीय चयन मैच में प्रदेश की 55 खिलाड़ियों के बीच चार टीमें बनाकर मुकाबले कराए जा रहे हैं।
ट्रायल मैच के प्रदर्शन के आधार पर ही उत्तर प्रदेश की महिला टी-20 टीम का चयन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश की टीम 14 नवंबर से अपने अभियान की शुरुआत कटक में राजस्थान के साथ होने वाले मुकाबले से करेगी। शृंखला में उत्तर प्रदेश के मुकाबले बंगाल, सौराष्ट्र, तमिलनाडु व गुजरात से होंगे।
शनिवार को कमला क्लब में कानपुर, मेरठ, सहारनपुर, गाजियाबाद, प्रयागराज, आगरा, झांसी, फतेहपुर, गाजीपुर, वाराणसी समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों की 55 खिलाड़ियों के बीच चार टीमें बनाकर मुकाबले कराए गए। उनके बीच 20-20 प्रारूप के मुकाबले खेले गए। चयन मैच में किफायती गेंदबाजी व आक्रामक बल्लेबाजी करने वाली महिला क्रिकेटरों पर वूमेंस चयन समिति की नजर रही।
चयन मैच में टीम ए और टीम सी के खिलाड़ियों ने चयन का दावा पेश किया। यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने बताया कि दो दिवसीय चयन मैच का प्रदर्शन ही खिलाड़ियों के लिए टीम में चयन का रास्ता बनाएगा। चयन मैच में शहर की 10 महिला क्रिकेटर भी खेल रही हैं।
