विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी टी-20 लीग का कारवां 27 को पहुंचेगा कानपुर, त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार

Published: Wed, 26 Aug 2026 11:07 AM (IST)Updated: Wed, 26 Aug 2026 11:17 AM (IST)

यूपी टी-20 लीग का दूसरा चरण 28 अगस्त से कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में शुरू होगा। लखनऊ और मेरठ की टीमें 27 अगस्त को शहर पहुंचेंगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. यूपी टी-20 लीग का दूसरा चरण 28 अगस्त से कानपुर में।

  2. लखनऊ और मेरठ की टीमें 27 को कानपुर पहुंचेंगी।

  3. ग्रीन पार्क में मैचों के लिए तीन पिचें तैयार।

जागरण संवाददाता, कानपुर। यूपी टी-20 का कारवां गुरुवार को शहर पहुंचेगा। ग्रीन पार्क स्टेडियम में 28 अगस्त से छह सितंबर तक 12 मैच खेले जाएंगे। इसकी शुरुआत 28 अगस्त को काशी बनाम नोएडा के बीच होने वाले मुकाबले से होगी।

बुधवार को वर्षा के कारण लखनऊ और मेरठ की टीम शहर नहीं आ सकी। अब 27 अगस्त को कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी, नोएडा, लखनऊ व मेरठ की टीम एक साथ शहर आएगी। लीग के दूसरे चरण में होने वाले 12 मुकाबले पुलिस के त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे के बीच कराए जाएंगे।

बुधवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम में बाउंड्री व साइड स्क्रीन और दर्शक दीर्घा में तैयारियों जोरों पर चलती मिली। स्टेडियम में दो सुपर फैन बाक्स तैयार हो गए हैं और बड़ी स्क्रीन को लगाया गया।

यूपी टी-20 के चेयरमैन डा. संजय कपूर ने बताया कि स्टेडियम में तैयारी लगभग पूरी हो गई है। वर्षा होने से तैयारियों को परखने का मौका भी मिल गया है। स्टेडियम की फ्लड लाइट की जांच भी की जा चुकी है। गुरुवार को सभी छह टीमें शहर आ जाएगी। पुलिस विभाग के साथ बैठक कर ग्रीन पार्क में होने वाले 12 मैचों की सुरक्षा का खाका तैयार किया गया है।

पार्किंग से लेकर स्टेडियम में दर्शक व खिलाड़ियों के पहुंचने का सुरक्षा तंत्र उप्र क्रिकेट एसोसिएशन, खेल विभाग पुलिस विभाग के साथ मिलकर तैयार कर रहा है। स्टेडियम में होने वाले सभी मुकाबले त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में खेले जाएंगे। खिलाड़ियों को होटल से स्टेडियम तक सेफ कारिडोर बनाकर पहुंचाया जाएगा।

अभ्यास के लिए इनडोर विकेट भी तैयार

वर्षा को देखते हुए ग्रीन पार्क में टीमों के अभ्यास के लिए छह अभ्यास विकेट व इनडाेर बाक्स को भी तैयार किया जा रहा है। डे-नाइट अभ्यास के लिए इनडोर बाक्स में लाइट लगाई जा रही है। खिलाड़ियों को अभ्यास कराने के लिए ग्रीन पार्क छात्रावास के 20 और कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के 30 खिलाड़ियों की सूची तैयार की गई है।

यह भी पढ़ें- IPL की तर्ज पर यूपी टी-20 लीग, आठ टीम के साथ दो शहरों में मैच कराने की तैयारी