Railway News: अंग्रेजों के जमाने के प्लेटफार्म बदलेंगे स्वरूप, 39 स्टेशनों के 55 प्लेटफार्म होंगे ऊंचे; ट्रेनों में चढ़ना होगा आसान
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल 39 स्टेशनों के 55 प्लेटफार्मों की ऊंचाई एक फीट बढ़ाएगा, जिससे ट्रेनों में चढ़ना आसान ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, कानपुर। उत्तर मध्य रेलवे अब प्लेटफार्मों की ऊंचाई एक फीट बढ़ाएगा, इससे ट्रेनों पर चढ़ना आसान हो जाएगा। पहले चरण में प्रयागराज मंडल के 39 स्टेशन के 55 प्लेटफार्म चुने गए हैं, इनमें कानपुर के चकेरी, चंदारी, रूमा, करबिगवां, प्रेमपुर, कंसपुर गुगौली, कानपुर देहात के मैथा, मैनपुरी और यहीं के भोगांव, इटावा के जसवंत नगर, फर्रुखाबाद का नीब करौरी, हाथरस आदि शामिल हैं। इनकी ऊंचाई एक फीट कम होने से ट्रेनों के कोच में चढ़ने के लिए यात्रियों को सीढ़ी पर पांव रखना पड़ता है, जिससे कई बार फिसल कर गिरने से हादसे भी हो चुके हैं।
प्रयागराज मंडल के पुराने स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर बड़ा बदलाव होने जा रहा है। लंबे समय से कम ऊंचाई वाले प्लेटफार्मों के कारण यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने के लिए सीढ़ी का सहारा लेना पड़ता था। बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी होती थी। अब 39 स्टेशनों के 55 प्लेटफार्म ऊंचे किए जाएंगे। एक वर्ष के अंदर ही इन स्टेशनों पर ट्रेन व प्लेटफार्म के बीच की ऊंचाई का अंतर कम करने का काम पूरा किया जाना है।
अंग्रेजों के जमाने के प्लेटफार्म के बदलेंगे स्वरूप
जिन स्टेशनों पर काम होने हैं, उनमें से अधिकांश का निर्माण ब्रिटिश काल में किया गया। पुराने रेल ढांचे में अब यात्री सुविधाओं के लिहाज से बदलाव किया जा रहा है। ट्रैक से प्लेटफार्म की लगभग ऊंचाई 2.5 फीट होनी चाहिए। मंडल के कई स्टेशनों के प्लेटफार्म पर मानक से कम ऊंचाई वाले प्लेटफार्म हैं, जिन्हें अब ऊंचा करने का खाका रेलवे ने खींचा है। इस सुविधा के बाद से यात्रियों ट्रेन में चढ़ने के लिए ज्यादा ऊंची सीढ़ी नहीं चढ़नी पड़ेगी। बुजुर्ग और बच्चों के गिरने का जोखिम कम होगा।
इन स्टेशनों के प्लेटफार्म होंगे ऊंचे
पहारा, मेजा रोड, गजपुरा, सुजातपुर, भमरौली, कंवर, रूमा, माल्वाह, चकेरी, कुरस्तीकलां, चंदारी, करभिगवा, प्रेमपुर, कंसपुर गुगौली, रसूलाबाद, सरसौल, मेथा, कंचौसी, भोगांव, करौरा, भड़न, जसवंतनगर, नीब करौरी, मैनपुरी, मक्खनपुर, जलेसर रोड, सासनी, बरहन, पतरा, मनोहरगंज, बलराय, पाता, मंजूरगढ़ स्टेशन के प्लेटफार्म ऊंचे होंगे।
प्रयागराज रेल मंडल के 39 स्टेशनों पर 55 प्लेटफार्म ऊंचे किए जाने हैं। एक वर्ष के अंदर इन कामों को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यात्री सुविधाओं के मद्देनजर ही प्लेटफार्म ऊंचे किए जा रहे हैं, जिससे यात्री प्लेटफार्म से सीधे ट्रेन में घुसे, उन्हें अनावश्यक सीढ़ियां न चढ़नी पड़ें।
अमित कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, प्रयागराज रेल मंडल
