पंचायत चुनाव में कांग्रेस को मजबूत करने में जुटीं प्रियंका वाड्रा, अपडेट देने के लिए नियुक्त किए दो प्रभारी
UP Panchayat Chunav 2021 कांग्रेस पार्टी सूत्रों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रियंका उत्तर प्रदेश की राजनीतिक में सीधे तौर पर दिलचस्पी दिखा रही हैं। जनमुद्दों पर आंदोलन भी उनकी प्राथमिकता में रहे हैं।
कानपुर, जेएनएन। जिला पंचायत चुनाव का बिगुल बज चुका है। इस पर जहां दूसरी पार्टियां अपने तरीके से मजबूत प्रत्याशी उतारने के प्रयास में जुटी हैं वहीं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने भी इस पर सीधी निगाह बनाने की तैयारी कर ली है। इसके लिए प्रियंका ने अपने दो खास सिपहसालारों को जिम्मेदारी देकर प्रभारी बनाया है जो पंचायत चुनाव में होने वाली हलचल की सीधे उन्हें सूचना देंगे।
चुनाव कोई भी हो, राजनीतिक पार्टियों की हैसियत बता देते हैं। क्षेत्रीय पार्टियां अपने जनाधार के बारे में ज्यादा जानती हैं जबकि राष्ट्रीय पार्टियों के लिए चुनाव के दौरान जमीनी हकीकत जानना तब तक मुमकिन नहीं हो पाता जबकि केंद्रीय नेतृत्व सीधी निगाह न रखे। इसी तर्ज पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने पंचायत चुनाव पर कांग्रेस की हैसियत जानने के लिए अपने दो खास सिपहसालार नियुक्त किए हैं। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सचिव जुबैर खान और धीरज गुर्जर को इसके लिए नियुक्त किया गया है। प्रियंका वाड्रा ने दोनों को खुद पत्र जारी कर यह जिम्मेदारी दी है। पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि दोनों पदाधिकारी पंचायत चुनाव में संचालन और समन्वय का काम देखेंगे। पार्टी सूत्रों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रियंका उत्तर प्रदेश की राजनीतिक में सीधे तौर पर दिलचस्पी दिखा रही हैं। जनमुद्दों पर आंदोलन भी उनकी प्राथमिकता में रहे हैं। इसी के चलते पंचायत चुनाव से वह विधानसभा चुनाव की जमीन तैयार करने की तैयारी कर रही हैं।