उच्च शिक्षा की डिजिटल व्यवस्था में UP सबसे आगे, समर्थ पोर्टल पर 56 लाख विद्यार्थी
उत्तर प्रदेश ने समर्थ पोर्टल के माध्यम से उच्च शिक्षा के डिजिटलीकरण में देश में बड़ी बढ़त हासिल की है, ...और पढ़ें
-1789199534159_m.webp)
HighLights
समर्थ पोर्टल पर 56 लाख सक्रिय विद्यार्थी, देश में सबसे अधिक
प्रवेश, परीक्षा, परिणाम और पदोन्नति प्रक्रियाएं डिजिटल हुईं
सात विभागों के 37 विश्वविद्यालय अब समर्थ से जुड़े
जागरण संवाददाता, कानपुर। उच्च शिक्षा की डिजिटल व्यवस्था में उत्तर प्रदेश ने देश में बड़ी बढ़त बनाई है। समर्थ पोर्टल पर प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों से जुड़े 56 लाख सक्रिय विद्यार्थी हैं, जो देशभर में सक्रिय विद्यार्थियों का करीब 50 प्रतिशत है। प्रदेश के 39 राज्य स्तरीय विश्वविद्यालय और उनसे संबद्ध 9,600 से अधिक उच्च शिक्षण संस्थान समर्थ से जुड़े हैं। यह संख्या देश में सबसे अधिक है। यह जानकारी राज्यपाल के ओएसडी सुधीर एम. बोबड़े ने दी।
उन्होंने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में 22 संबद्ध विश्वविद्यालयों के 7,200 से अधिक महाविद्यालयों में 22.5 लाख विद्यार्थियों ने समर्थ के माध्यम से ऑनलाइन प्रवेश लिया। वहीं 30 विश्वविद्यालयों के 21.17 लाख विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम भी इसी डिजिटल प्लेटफार्म के माध्यम से तैयार किए गए।
2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया भी समर्थ से
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी है। समर्थ के माध्यम से डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) की राज्य स्तरीय यूपीटीएसी काउंसिलिंग भी कराई गई, जिसमें 499 महाविद्यालय शामिल हुए। इसके अलावा महाविद्यालयों के शिक्षकों की कैरियर एडवांसमेंट स्कीम (सीएएस) के तहत 991 पदोन्नति की प्रक्रिया भी समर्थ के माध्यम से पूरी की गई। बोबड़े ने बताया कि पहली बार इन पदोन्नतियों की प्रक्रिया में एक भी मुकदमा नहीं हुआ, जिसे उन्होंने बड़ी उपलब्धि बताया।
सात विभागों के 37 विश्वविद्यालय जुड़े
सुधीर एम. बोबड़े ने बताया कि समर्थ का दायरा अब उच्च शिक्षा विभाग से आगे बढ़कर विभिन्न विभागों तक पहुंच रहा है। सात विभागों के 37 विश्वविद्यालय इससे जुड़ चुके हैं। इनमें उच्च शिक्षा विभाग के 25 और तकनीकी शिक्षा विभाग के तीन विश्वविद्यालय शामिल हैं। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के तहत डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय तथा संस्कृति विभाग के तहत भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय भी समर्थ से जुड़े हैं।
प्रवेश से लेकर परिणाम तक सब डिजिटल मंच पर लाने में मिलेगी मदद
उन्होंने बताया कि चिकित्सा शिक्षा विभाग के तीन विश्वविद्यालय, कृषि शिक्षा विभाग के तीन विश्वविद्यालय और खेल विभाग के मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय में भी समर्थ के क्रियान्वयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इससे प्रवेश, परीक्षा, परिणाम और अन्य शैक्षणिक प्रशासनिक प्रक्रियाओं को एकीकृत डिजिटल मंच पर लाने में मदद मिलेगी।
