UP Election 2027 की तैयारी में जुटी कांग्रेस, ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान से घर-घर पहुंचेगी, शक्ति प्रदर्शन की तैयारी
कांग्रेस ने 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारी में 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान शुरू किया है। यह अभियान ...और पढ़ें
-1792603904750_m.webp)
HighLights
कांग्रेस ने 2027 यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू की।
'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान से जनता तक पहुंचेगी कांग्रेस।
मनमोहन कटोच कानपुर, कानपुर देहात, औरैया के पर्यवेक्षक बने।
जागरण संवाददाता, कानपुर। विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात बिछने लगी है। भाजपा जहां संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने में जुटी है, वहीं कांग्रेस भी अब कार्यकर्ताओं के साथ जमीन पर उतरकर मुकाबले की तैयारी कर रही है। पार्टी ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के आरोपों को मुद्दा बनाते हुए ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के जरिये जनता के बीच पहुंचने की रणनीति बनाई है। दो नवंबर से शुरू होने वाला यह दो माह का अभियान कांग्रेस के लिए आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए अहम है।
अभियान को गति देने के लिए कांग्रेस ने कानपुर नगर, कानपुर देहात और औरैया में केंद्रीय एवं प्रदेश स्तरीय पर्यवेक्षकों की तैनाती की है। हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनमोहन कटोच को केंद्रीय पर्यवेक्षक और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी को कानपुर, कानपुर देहात और औरैया जिले की पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दोनों नेता तीनों जिलों में अभियान को जमीन पर उतारने, संगठन की सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का काम करेंगे। कांग्रेस का यह अभियान केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि संगठन की जमीनी ताकत परखने का माध्यम भी बनेगा।
पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी होगी कि वार्डों और गांवों में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित हो तथा अभियान की गतिविधियां नियमित रूप से चलें। पार्टी नेतृत्व की मंशा है कि निष्क्रिय पदाधिकारियों की पहचान कर संगठन को सक्रिय बनाया जाए और बूथ स्तर तक संपर्क मजबूत किया जाए।
कांग्रेस ग्रामीण के जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने बताया कि एक नवंबर को दिल्ली में राहुल गांधी की प्रस्तावित रैली के बाद दो नवंबर से अभियान की शुरुआत होगी। इसके तहत शहर के प्रत्येक वार्ड और ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर संपर्क किया जाएगा। वार्ड और ब्लाक स्तर पर पदयात्राएं निकालने के साथ जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित होंगे।
अभियान को लेकर 25 अक्टूबर को लखनऊ और 29 जुलाई को कानपुर में बुंदेलखंड जोन का सम्मेलन आयोजित करेगी। राजनीतिक दृष्टि से कांग्रेस के इन कार्यक्रमों को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले जनाधार बढ़ाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
रावण दहन से भी साधा भाजपा पर निशाना
विजयदशमी पर महानगर कांग्रेस ने शिवाला बाजार में जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में ‘भाजपाई रावण’ का दहन कर राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की। रावण के दस सिरों पर महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पेपर लीक, महिला असुरक्षा, किसानों की बदहाली, जीएसटी और धार्मिक नफरत समेत मुद्दे अंकित किए गए। पवन गुप्ता ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान ही सच्चे अर्थों में बुराई पर अच्छाई की जीत है।
