Top Kanpur News of the day 7th August 2019, स्कूल से छह बच्चे लापता
किदवई नगर के स्कूल से छह बच्चे लापता हो गए और रनियां में पुल से नीचे गिरकर युवक की मौत हो गई।
कानपुर, जेएनएन। शहर में दोपहर बाद एक प्राइवेट स्कूल से छह बच्चों के लापता होने से पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। वहीं रनियां में ओवरब्रिज से नीचे सर्विस लेन पर गिरे बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। पूर्व विदेश मंत्री के निधन के चलते भाजपाइयों में शोक की लहर दौड़ गई और शहर में सभी कार्यक्रम रद होने से उपमुख्यमंत्री का दौरा भी टल गया।
स्कूल से बच्चे लापता
शहर के किदवई नगर के एक स्कूल से छुट्टी के बाद पांचवीं में पढऩे वाले छह बच्चे लापता हो गए। बच्चे घर नहीं पहुंचे तो अभिभावक स्कूल पहुंच गए। स्कूल में बच्चों के न मिलने से अभिभावक बदहवास होकर हंगामा करने लगे। सूचना पर आई पुलिस ने स्कूल में चप्पे चप्पे की तलाशी ली और फिर सीसीटीवी फुटेज देखकर बच्चों के बाहर निकलने की जानकारी जुटाई। करीब चार घंटे बाद बच्चे मिल गए और पूछताछ में भागने की जो वजह बताई उसे सुनकर सभी लोग दंग रह गए।
रनियां में हादसे ने झकझोरा
हाईवे पर रनियां कस्बे में ओवरब्रिज पर हुए हादसे ने लोगों को दिल को झकझोर दिया। मंटोरा ओवरब्रिज पर कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर बाइक सवार युवक का पैर कार में फंसकर कट गया और युवक उछलकर ब्रिज से नीचे सर्विस लेन पर जा गिरा। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीएम व डिप्टी सीएम का दौरा टला
पूर्व विदेश मंत्री के निधन के बाद कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र भाजपा के प्रस्तावित सभी कार्यक्रम टाल दिए गए। चित्रकूट में मुख्यमंत्री का दौरा स्थगित हो गया, वहीं कानपुर में डिप्टी सीएम का कार्यक्रम टाल दिया गया। भाजपा नेताओं में शोक की लहर दौड़ गई और दो दिन तक कोई कार्यक्रम न किए जाने के निर्देश जारी किए है। देर शाम पार्टी कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी
उन्नाव के सफीपुर के एक युवक ने अनुच्छेद 370 हटाए जाने के फैसले के विरोध में गृहमंत्री के खिलाफ फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के साथ कई अमर्यादित कमेंट किए। थाना पुलिस ने जानकारी होने पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया है।
इसरो संस्थापक की याद में खास सिक्का
चंद्रयान-2 के लैंडर को विक्रम नाम दिए जाने के बाद अब इसरों संस्थापक की यादगार में खास सिक्का जारी किया जा रहा है। 12 अगस्त को विक्रम साराभाई की जयंती पर सिक्का जारी किया जाएगा। इसे लेकर पूरी तैयारियां कर ली गई हैं, विक्रम साराभाई ने भारत को अंतरिक्ष की राह दिखाई थी।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप