कानपुर में तिवारीपुर नहर पुल धंसा, आवागमन ठप, यात्रियों को 10 किमी का लंबा चक्कर लगाना पड़ेगा
कानपुर के घाटमपुर स्थित तिवारीपुर रामगंगा नहर पुल एक ओर धंसने के कारण आवागमन के लिए बंद कर दिया गया ...और पढ़ें

आवागमन के लिए बंद किया गया तिवारीपुर का जर्जर नहर पुल। जागरण
HighLights
तिवारीपुर रामगंगा नहर पुल एक ओर धंस गया
पुल बंद होने से 10 किलोमीटर अतिरिक्त चक्कर लगेगा
लोक निर्माण विभाग ने सिंचाई विभाग को पत्र भेजा है
संवाद सहयोगी, घाटमपुर(कानपुर)। साढ़ क्षेत्र के तिवारीपुर गांव में रामगंगा नहर पर स्थित जर्जर पुल एक ओर धंस जाने के कारण रविवार से आवागमन के लिए बंद कर दिया। अब साढ़ से नर्वल और महाराजपुर जाने के लिए बरईगढ़ नहर पुल पार करके अमौर होते हुए जाना होगा। इस पर करीब 10 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना होगा। रविवार को पुल के दोनों ओर बोर्ड लगाकर बैरीकेडिंग कर दी गई है।
साढ़ थाना से करीब आधा किलोमीटर दूर तिवारीपुर गांव में रामगंगा नहर पर अंग्रेजों के जमाने का पुल स्थित है। 100 साल से ज्यादा पुराना यह नहर पुल बेहद जर्जर हालत में है। पुल एक ओर धंस गया है। बीते दिनों ग्रामीणों ने अनहोनी की आशंका जताई थी। इस नहर पुल के साथ ही बने बरईगढ़ नहर पुल और दरगाही नहर पुल बीते दिनों गिर चुके हैं और इनकी जगह नए पुल बनाए गए हैं। तिवारीपुर नहर पुल की स्थिति को देखते लोक निर्माण विभाग की ओर से रविवार को पुल बंद कर दिया गया और दोनों ओर सूचना बोर्ड लगवाए गए।

तिवारीपुर नहर पुल के क्षतिग्रस्त होने पर बोर्ड लगाकर बैरीकेडिंग की गई। जागरण
तिवारीपुर नहर पुल के जरिए साढ़ से टौंस, सरसौल होते हुए महाराजपुर में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर जाया जाता है। साढ़ में इसी मार्ग पर डिफेंस कारिडोर स्थित है। इस लिहाज से यह काफी व्यस्त भी है। पुल बंद होने से अब लोगों को बरईगढ़ नहर पुल पार कर गांव से होते हुए अमौर होते हुए इसी मार्ग पर आना होगा। इसके लिए करीब 10 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा।
मामले में लोक निर्माण विभाग के जेई शैलेंद्र कुमार जायसवाल ने बताया कि नहर पुल सिंचाई विभाग के अधीन है। जर्जर हालत होने के चलते उसे बंद किया गया है। सिंचाई विभाग को पत्र भेजकर नया पुल निर्माण कराने की अनुमति मांगी गई है।
सचौली पुल भी जर्जर हालत में
साढ़- टौंस मार्ग पर ही सचौली गांव में पांडु नदी पर स्थित पुल भी जर्जर हालत में हैं। पुल का एक हिस्सा पूरी तरह से टूटा हुआ है। स्थिति यह है कि पुल से सिर्फ हल्के वाहन ही गुजर सकते हैं। लोगों ने सचौली पुल के निर्माण की भी मांग की है।
