शुद्ध पानी से जल्द मिटेगी राखी मंडी की प्यास
जूही राखी मंडी में क्रोमियम युक्त पानी की समस्या को दूर करने के लिए शनिवार को जलनिगम व जलकल की टीम ने सर्वे किया।
जागरण संवाददाता,कानपुर: जूही राखी मंडी में क्रोमियम युक्त पानी की समस्या को दूर करने के लिए शनिवार को जलनिगम व जलकल की टीम ने सर्वे किया। इस दौरान अधिकारियों ने यहां के रहने वालों के नाम, पते सहित कई अन्य जानकारियां एकत्र की। अब जल्द ही क्षेत्र में पेयजल लाइन डाली जाएगी। क्षेत्र में यह समस्या बीते कई दशकों से व्याप्त है, बावजूद इसके समस्या का कोई समाधान नहीं मिल रहा था। इसे लेकर कई बार क्षेत्रीय लोगों ने आंदोलन भी किया और जन प्रतिनिधियों से गुहार भी लगाई।
जल निगम के अधिशाषी अभियंता समीम अख्तर ने बताया कि इलाके में 233 लोगों को कनेक्शन देने के लिए चिन्हित किया गया है। उन्होंने बताया कि पेयजल सप्लाई के लिए चार किमी पाइप लाइन डाली जाएगी। इलाके में करीब 135 स्टैंड पोस्ट लगाए जाएंगे, ताकि लोग बाहर से भी पानी ले सकें। अभी सोमवार को 125 मकानों का सर्वे होना है। पार्षद सुनील कन्नौजिया ने बताया कि यहां 5 हजार की आबादी कई सालों से शुद्ध पेयजल के लिए जूझ रही है। बीते दिनों इलाके में क्रोमियम युक्त पानी आने की शिकायत पर एनजीटी व प्रमुख सचिव आवास मनोज सिंह ने राखी मंडी का निरीक्षण किया था। इस दौरान एनजीटी ने अधिकारियों को राखी मंडी इलाके में पेयजल लाइन बिछाने के निर्देश दिए थे। इस दौरान जलकल मुख्य प्रबंधक संजय सिन्हा, सचिव आरबी राजपूत, अधिशाषी अभियंता कुमार गौरव मौजूद रहे।
लोगों को सता रहा अवैध कब्जे हटने का डर
जूही राखी मंडी में कुछ लोगों ने विवरण देने से मना कर दिया। अधिकारियों का तर्क है कि जूही राखी मंडी में बहुत अवैध कब्जे हैं। कब्जे हटाए जाने के डर से वह अपना विवरण नहीं दे रहे हैं।