नौ बजे शादी समारोह में गया परिवार, दस बजे घर लौटा तो उड़ गए होश
चकेरी के संजीव नगर में आर्मी हवलदार के घर पर चोरों ने एक घंटे में 12.30 लाख रुपये की चोरी की।
कानपुर, जेएनएन। चकेरी के संजीव नगर रविवार रात नौ बजे एक परिवार शादी समारोह में गया था, करीब दस बजे घर लौटा तो सभी के होश उड़ गए। परिवार की गैर हाजिरी का फायदा उठाकर चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़कर एक घंटे के अंदर करीब सवा बारह लाख के जेवर व नकदी पार कर दिए। घटना की जानकारी के बाद पड़ोसियों की भीड़ एकत्र हो गई और पुलिस ने भी छानबीन शुरू की।
चकेरी के संजीव नगर में रहने वाले तेज सिंह सेना में हवलदार के पद पर शिलांग में तैनात है। घर पर उनकी पत्नी सुधा व दो बेटियां रहती हैं। रविवार की रात करीब 9 बजे सुधा बेटियों के साथ शादी समारोह में गई थीं। इस बीच चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़कर घर में घुस गए।
चोरों ने 12.30 लाख रुपये के जेवर व पचास हजार नकद पार कर दिये। करीब दस बजे सुधा घर लौटी मो ताला टूटा देख होश उड़ गए। घर के अंदर कई बक्सों के ताले टूटे थे और सामान बिखरा पड़ा था। जानकारी होते ही पड़ोसियों की भीड़ एकत्र हो गई। चकेरी पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। इंस्पेक्टर रणजीत राय ने बताया कि चोरी में किसी जानकार व्यक्ति का हाथ है। रिपोर्ट दर्जकर छानबीन की जाएगी।