विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 13, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कानपुर: बेसमेंट की खुदाई से पड़ोसी के मकान की छत ढही, ठेकेदार समेत तीन घायल, टला बड़ा हादसा

By Abhishek AgnihotriEdited By:
Published: Sat, 13 Nov 2021 09:29 PM (IST)

मुन्नापुरवा निवासी नयाब पंखा-कूलर की मरम्मत का काम करते हैं। बताया कि उनके घर के पीछे हमीद का मकान है। ...और पढ़ें

बजारिया मुन्ना पुरवा में पुराना मकान गिरने के बाद जमा मलबा।
बजारिया मुन्ना पुरवा में पुराना मकान गिरने के बाद जमा मलबा।

कानपुर, जागरण संवाददाता। बजरिया थाना क्षेत्र के मुन्नापुरवा में बेसमेंट की खुदाई से पड़ोस में रहने वाले पंखा-कूलर मिस्त्री के पुराने मकान की छत और दीवार भरभराकर ढह गई। मलबे में दबकर दो मजदूर और ठेकेदार घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया और पास के अस्पताल भेजा। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी की छुट्टी हो गई है।

मुन्नापुरवा निवासी नयाब अहमद पंखा-कूलर की मरम्मत का काम करते हैं। नयाब अहमद ने बताया कि उनके घर के पीछे हमीद का मकान है। जो जर्जर और पुराना था। बिल्डर एग्रीमेंट करके यहां नए सिरे से काम शुरू हुआ था। आरोप है कि अवैध रूप से यहां बेसमेंट की खोदाई कराई जा रही थी। बेसमेंट की खोदाई से उनके मकान के प्लास्टर का पपड़ा कुछ दिन पहले गिरा था जिसका उन्होंने विरोध किया था तो हमीद ने उनसे गाली-गलौज की थी। आरोप है कि शनिवार को ठेकेदार खलील मजदूरों के साथ काम कर रहा था। तभी उनके पुराने दो मंजिला मकान की ग्राउंड फ्लोर की छत, छज्जा और दीवार भरभराकर ढह गई। जिससे खलील और दो अन्य मजदूर मलबे में दबकर घायल हो गए। शोर और धूल के गुबार के बीच स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे ठेकेदार और मजदूरों को निकाल पास के नर्सिंगहोम ले जाया गया। नयाब अहमद ने बताया कि उन्होंने थाना पुलिस से इसकी शिकायत की है। थाना प्रभारी बजरिया राममूर्ति यादव ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

अगर परिवार होता तो बड़ा हादसा हो जाता: नयाब अहमद ने बताया कि उनके परिवार में पत्नी इमराना बेगम, बेटा निहाल अहदम और तीन बेटियां हैं। कुछ दिन पहले ही परिवार पैतृक गांव कन्नौज गया था। अगर हादसे के वक्त परिवार के लोग घर पर होते तो बड़ी घटना हो जाती। मकान की छत और दीवार ढहने से गृहस्थी का नुकसान हुआ है।