आज शपथ लेगी 'शहर की सरकार'
जागरण संवाददाता, कानपुर : मोतीझील के मैदान में सजे भव्य और भगवा पंडाल में मंगलवार को 'शहर की
जागरण संवाददाता, कानपुर : मोतीझील के मैदान में सजे भव्य और भगवा पंडाल में मंगलवार को 'शहर की सरकार' शपथ लेगी। मंडलायुक्त पीके महान्ति पहले नव निर्वाचित महापौर प्रमिला पांडेय को पद एंवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इसके बाद महौपार सभी पार्षदों को शपथ दिलाएंगी। मंच पर सभी राज्य के तीन कैबिनेट और एक राज्यमंत्री और सभी विधायक मौजूद होंगे। 12.30 बजे से शुरू होने वाले इस समारोह को लेकर मोतीझील में देर रात तक तैयारियां चलती रहीं। हालांकि कांग्रेस ने शपथ समारोह का बहिष्कार करने की घोषणा की है।
पूर्व मेयर सरला सिंह के कार्यकाल के बाद यह पहला मौका जब सदन में किसी पार्टी के पार्षद बहुमत में चुनकर आए हैं। ऐसे में शपथ ग्रहण समारोह भव्य रूप देने की तैयारी की जा रही है। मंगलवार को होने वाले समारोह में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। हालांकि इसके पहले उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद को मुख्य अतिथि के तौर पर आना था लेकिन कतिपय कारणों से उनका कार्यक्रम रद्द हो गया। शाही के अलावा मंच पर शहर के कैबिनेट मंत्री द्वय सतीश महाना एवं सत्यदेव पचौरी और कारागार राज्य मंत्री जयप्रकाश सिंह जैकी मौजूद रहेंगे। साथ ही शहर के सभी विधायक भी कार्यक्रम में आमंत्रित किये गए हैं।
मंडलों में मिठाई बांट आतिशबाजी करेगी भाजपा
जागरण संवाददाता, कानपुर: महापौर पद के शपथ ग्रहण समारोह को भाजपा सभी मंडलों में आशीर्वाद दिवस के रूप में मनाएगी। सोमवार को पार्टी पदाधिकारियों ने नवीन मार्केट स्थित पार्टी कार्यालय में मंथन किया। उत्तर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी ने कहा समारोह में पार्षद के बैठने के साथ ही उनके परिवारीजनों के भी बैठने की व्यवस्था की गयी है। इसके अलावा सभी महामंत्री मंडल प्रभारियों व मंडल अध्यक्षों से संपर्क कर हर मंडल में आशीर्वाद दिवस मनाएंगे और आतिशबाजी के साथ मिठाई बांटेंगे। बैठक में सुनील बजाज, सत्येंद्र पांडेय, पूनम कपूर, दीपक सिंह, रंजीता पाठक, प्रमोद विश्वकर्मा, रिषी गुप्ता, अभिनव दीक्षित आदि मौजूद रहे।
कांग्रेस करेगी शपथ ग्रहण का बहिष्कार
कानपुर : नगर निगम के शपथ ग्रहण समारोह का कांग्रेस बहिष्कार करेगी। कांग्रेस के पार्षद तो शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे, लेकिन बाकी कोई नेता उसमें शामिल नहीं होगा। शहर कांग्रेस अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री ने बताया कि पूरे शहर में विकास कार्य रुके हुए हैं और शपथ ग्रहण के लिए भारी खर्च हो रहा है। यह ठीक नहीं है। उनके मुताबिक महापौर को आने वाले कार्यकाल के लिए बधाई, लेकिन वह उनके विधायक और अन्य बड़े नेता इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे।