पूरे प्रदेश में होगा सेक्युलर मोर्चा का गठन, शिवपाल ने गाड़ी से हटाया सपा का झंडा
जनता की समस्याओं को लेकर डीएम व एसपी से मिलने पहुंचे शिवपाल सिंह यादव।
जेएनएन, इटावा : सेक्युलर मोर्चा का गठन करने के बाद शिवपाल अब समाजवादी पार्टी से धीरे-धीरे अलग होने लगे हैं। सोमवार को उन्होंने अपनी गाड़ी से सपा का झंडा भी हटा दिया और पूरे प्रदेश में मोर्चा का गठन करने का एलान किया है। सेक्युलर मोर्चा के संयोजक शिवपाल सिंह यादव ने सोमवार को साफ किया कि मोर्चा अब एक्टिव मोड पर आ गया है, पूरे प्रदेश में इसका गठन किया जाएगा। जल्द ही इसकी शुरुआत कर दी जाएगी। शिवपाल सिंह यादव सोमवार को जन्माष्टमी के अवकाश के बावजूद जनपद में लोगों की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे व एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी से मिलने पहुंचे।
पूरे दिन समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के संयोजक शिवपाल सिंह से उनके चौगुर्जी स्थित आवास पर जनता की भीड़ देखी गयी। उनसे मिलने आए लोगों ने तहसील व थानों के स्टाफ के शोषण की शिकायत की। लोगों की शिकायतें सुनने के बाद वह तत्काल जिलाधिकारी व एसएसपी से मिलने पहुंचे। करीब एक घटा तक एसएसपी के आवास पर रुके, जबकि जिलाधिकारी से मिलने कचहरी गए। उन्होंने उत्पीड़न करने वाले पुलिस कर्मियों की शिकायत की। जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे से तहसील में जनता को होने वाली परेशानियों के बारे में बताया। उन्होंने जिलाधिकारी को कई प्रार्थना पत्र दिए। वह जब शहर में निकले तो गाड़ी में लगा समाजवादी पार्टी का झडा नहीं था। फिलहाल गाड़ी में किसी पार्टी का कोई झडा नहीं लगा था। इसके बाद लखनऊ के लिए रवाना हो गए। उनके साथ पूर्व विधायक रघुराज सिंह शाक्य, पूर्व महामंत्री कृष्ण मुरारी गुप्ता आदि मौजूद थे।