अभी फैजाबाद तक नहीं जाएगी तेजस एक्सप्रेस, IRCTC ने लिया 14 फरवरी से चलाने का फैसला
आइआरसीटीसी ने यात्री लोड का सर्वे कराने पर संभावनाएं मिलने के बाद कारपोरेट ट्रेन तेजस को फैजाबाद से दिल्ली चलाने के लिए मन बनाया था। फिलहाल अब फैसला स्थगित कर दिया है। अभी कई समस्याएं सामने आ रही हैं।
कानपुर, जेएनएन। तेजस एक्सप्रेस को लखनऊ से दिल्ली वाया कानपुर होकर 14 फरवरी से चलाने का निर्णय लिया गया है। आइआरसीटीसी ने तेजस को दिल्ली से फैजाबाद तक चलाने का प्रस्ताव तैयार किया था, लेकिन कई कारणों से अभी ट्रेन फैजाबाद तक नहीं चलाई जा रही है। हालांकि मंदिर निर्माण शुरू होने के साथ ही तेजस को अयोध्या तक चलाने का रास्ता साफ हो जाएगा।
आइआरसीटीसी ने कारपोरेट ट्रेन तेजस को फैजाबाद से दिल्ली चलाने के लिए यात्री लोड का सर्वे किया था। इसमें ठीक ठाक यात्री लोड की संभावनाएं मिली थीं, जिसके बाद ही ट्रेन को फैजाबाद तक चलाने का प्रस्ताव तैयार हुआ। हालांकि इस रूट पर विद्युतीकरण की समस्या को देखते हुए आइआरसीटीसी ने यह प्रस्ताव ठंडे बस्ते में डाल दिया।
सूत्रों के मुताबिक इस रूट पर कारपोरेट ट्रेन चलाने में अभी कई समस्याएं हैं। इस रूट पर कारपोरेट ट्रेन को प्रतिदिन नहीं चलाया जा सकता है। वहीं राम मंदिर निर्माण के मद्देनजर रेलवे लखनऊ से फैजाबाद रूट की सभी खामियां दूर करने में जुट गया है क्योंकि भविष्य में यहां फैजाबाद, अयोध्या तक कई बड़ी ट्रेनों के फेरे बढ़ाए जाएंगे तब तेजस भी अयोध्या तक का सफर तय करेगी।
- रूट की खामियों को देखते हुए तेजस को अभी लखनऊ से दिल्ली तक ही चलाया जाएगा। राम मंदिर निर्माण होने के साथ इसे अयोध्या तक बढ़ाया जा सकता है। -अनिल गुप्ता, क्षेत्रीय प्रबंधक आइआरसीटीसी