केंद्र की योजनाएं परखने आई नीति आयोग की टीम
जागरण संवाददाता, कानपुर : शहर में केंद्र सरकार की योजनाओं पर दिल्ली से पूरी नजर है। यहां
जागरण संवाददाता, कानपुर : शहर में केंद्र सरकार की योजनाओं पर दिल्ली से पूरी नजर है। यहां योजनाओं की स्थिति कैसी है, काम किस गुणवत्ता से हो रहा है, इसका भौतिक निरीक्षण करने के लिए नीति आयोग की टीम गुपचुप आ गई। फिर शाम को नगर निगम में अधिकारियों से बैठक कर निर्देश भी दिए।
नीति आयोग में शहरीकरण निदेशक एसके सिंह और इकोनॉमिकल एडवाइजर डॉ. प्रमोद बाबू कानपुर आए। उन्होंने अमृत योजना, स्वच्छ भारत मिशन आदि योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। संबंधित विभागों से कार्य में आ रही समस्याओं के बारे में भी पूछताछ की। इस पर जल निगम के अधिकारियों का कहना था कि योजनाओं में पैसा देर से मिल रहा है। टीम ने भौतिक निरीक्षण में काकादेव थाना और कुलवंती अस्पताल के पास निर्मित शौचालय देखे। नगर निगम अधिकारियों को सलाह दी कि शौचालय हो या कोई भी प्रोजेक्ट, इस तरह बनाएं कि उनसे कुछ आय भी हो सके। ऐसा करने से प्रोजेक्ट का रखरखाव और संचालन भी होता रहेगा। अधिकारियों ने सनिगवां में पेयजल कनेक्शन की स्थिति भी जानी।
---
स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट में आई सात निविदाएं
स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्टों के लिए ई-टेंडर के जरिए नगर निगम ने निविदाएं आमंत्रित की हैं। शुक्रवार को टेक्निकल बिड खोली गई। हर जोन में साढ़े छह करोड़ से छह आधुनिक कूड़ाघर बनाने के लिए दो फर्मो ने निविदाएं डाली हैं। वहीं, डेढ़ करोड़ रुपये लागत की छह ओपन जिम के लिए पांच कंपनियों ने टेंडर डाले हैं। अब इसके बाद फाइनेंशियल बिड खोली जाएंगी। सारी प्रक्रिया के बाद उम्मीद है कि 15 अप्रैल से स्मार्ट के प्रोजेक्टों पर काम भी शुरू हो जाए।