राजनीति कांग्रेस के हाथों में जाती है तो आकंठ भ्रष्टाचार की जननी बन जाती है-स्वतंत्रदेव Kanpur News
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में कहा कार्यकर्ताओं की बदौलत कश्मीर में तिरंगा फहरेगा।
कानपुर, जेएनएन। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा है कि राजनीति भगवान राम के हाथों में जाती है तो मर्यादा बन जाती है। भगवान बुद्ध के हाथों में जाती है तो करुणा, चाणक्य के हाथों में संकल्प बन जाती है। जब कांग्रेस के हाथों में जाती है तो आकंठ भ्रष्टाचार की जननी बन जाती है। सपा-बसपा के हाथ में जाती है तो जातिवाद और भ्रष्टाचार तक सीमित हो जाती है। जब भारत रत्न पूर्व पीएम अटल बिहारी के हाथों में जाती है तो त्याग, तपस्या और बलिदान तथा जब पीएम नरेंद्र मोदी के हाथों में जाती है तो विकास की गंगा बन जाती है। वह शास्त्री नगर स्थित एक गेस्ट हाउस में पिछड़ा वर्ग सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 और 35 ए को खत्म कर ऐतिहासिक कदम उठाया। कार्यकर्ताओं की बदौलत अब कश्मीर में तिरंगा फहरेगा। गोविंदनगर विधानसभा सीट के उपचुनाव को लेकर कहा कि हर बूथ पर सौ फीसद मतदान हो। बाद में वरिष्ठजन की बूथ प्रवासी बैठक में कहा कि सभी दो-दो दिन घरों में जाकर लोगों से संपर्क करें। सम्मेलन में प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना उपाध्याय, क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, विधायक महेश त्रिवेदी, डॉ. बीना आर्या, जयप्रकाश कुशवाहा, संजय विश्वकर्मा मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं पर आया गुस्सा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह जैसे ही मंच पर पहुंचे तो कार्यकर्ताओं ने सेल्फी लेनी शुरू कर दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे नीचे जाएं, लेकिन उनकी किसी ने नहीं सुनी। इस पर अध्यक्ष का पारा चढ़ा और माइक से सभी को डांट लगाई।
व्यापारी हितों का ध्यान रख रही सरकार
अखिल भारतीय वैश्य महापरिषद (व्यापारिक प्रकोष्ठ) की ओर से हुई राजनीतिक सम्मान गोष्ठी में मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि योगी सरकार में व्यापारियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उनकी समस्याओं का समाधान कराया जा रहा है।