CAA पर प्रदेश के राज्यमंत्री ने कहा, प्रियंका वाड्रा मेंटल हैं, उनका मेंटल केस बन चुका है
स्टांप एवं निबंधन राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने सीएए को लेकर प्रियंका और अखिलेश पर निशाना साधा।
हमीरपुर, जेएनएन। स्टांप एवं निबंधन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल के निशाने पर इन दिनों प्रियंका गांधी हैं। वह प्रियंका को लेकर अलग-अलग बयान दे रहे हैं। हमीरपुर में उन्होंने प्रियंका वाड्रा को मानसिक रोगी करार दिया है। सीएए मसले को लेकर वह यहां पर विपक्षी दलों पर जमकर बरसे।
मेंटल केस बन चुकी हैं प्रियंका
समीक्षा बैठक के बाद प्रेस वार्ता में स्टांप एवं निबंधन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने रविंद्र जायसवाल ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा को मेंटल (मानसिक बीमार) कहा। प्रियंका के नागरिक सुरक्षा अधिनियम (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के विरोध के सवाल पर बोले, 'वह मेंटल हैं, उनका मेंटल केस बन चुका है। हताशा-निराशा में क्या बोल रही हैं, उनको खुद पता नहीं है।'
अखिलेश पर भी किया पलटवार
जेएनयू में हुई घटना को लेकर भाजपा पर वार करने वाले सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर भी राज्यमंत्री ने पलटवार किया। कहा, वह समाज को गुमराह कर माहौल खराब न करें। वह अपनी हताशा निराशा से देश का माहौल खराब कर रहे हैं जो ठीक नहीं। इसके पहले भी प्रभारी मंत्री ने कानपुर दौरे के समय कहा था कि यदि बेटियां पढ़ लें तो प्रियंका से भी बड़ी नेता बन सकतीं हैं।