कानपुर : साढ़ में तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलटी, परिचालक समेत छह सवारी घायल
साढ़ थाना क्षेत्र के कुड़नी मोड़ के पास एक प्राइवेट बस खंती में पलट गई। हादसे में परिचालक समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमें दो की हालत गंभीर देख एलएलआर (हैलट) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कानपुर, जागरण संवाददाता। साढ़ थानाक्षेत्र के कुड़नी मोड़ के पास फतेहपुर जिले के बकेवर से कानपुर के बारा देवी जा रही प्राईवेट बस शनिवार शाम पलट गई। खंती में बस के पलटने से उसमें सवार परिचालक समेत छह सवारियां घायल हो गईं। कंडक्टर व एक अन्य महिला को कानपुर एलएलआर रेफर किया गया है। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर भाग निकला। चालक नशे में बताया जा रहा है। 36 सीटर इस बस में करीब 30 यात्री सवार थे।
घायलों में परिचालक घुरुवाखेड़ा निवासी 25 वर्षीय अमर सिंह, साढ़ क्षेत्र के कीसा खेड़ा गांव निवासी ननकवा की पत्नी 40 वर्षीय कल्लो देवी, यहीं के अजयपाल की 55 वर्षीय पत्नी मोहिनी, अरंझामी के 28 वर्षीय ब्रजेश, जलाला गांव के मेहंदी हसन की 40 वर्षीय पत्नी रिजवाना, फतेहपुर जिले के मुसाफा गांव निवासी 35 वर्षीय तबस्सुम को भीतरगांव सीएचसी लाया गया। यहां से परिचालक अमर सिंह व तबस्सुम को कानपुर एलएलआर के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं, घायल रिजवाना की आठ साल की बेटी जोया और तीन साल की जिकरा को भी मामूली चोंट आई है। हादसे में अन्य कई सवारियां भी मामूली रूप से चुटहिल हुई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सवारियों को दूसरे वाहनों से रवाना किया।
यात्री बोले- नशे में था चालक- यात्रियों ने बताया कि बस चालक नशे में था। हादसे से पहले साढ़ के बरईगढ़ नहर पुल पर भी बस लहराई थी। इस पर यात्रियों ने उससे आराम से चलाने को कहा था। इससे पहले एक जगह और बस बेकाबू हुई थी। साढ़ एसओ मंसूर अहमद का कहना है कि घायलों को भीतरगांव सीएचसी भेजा गया था, जहां से दो लोगों को रेफर किया गया है। चालक भाग निकला है। जांच की जा रही है।
जिम्मेदार बोले- फतेहपुर से कानपुर जा रही प्राईवेट बस पलटने की जानकारी मिली है। घायलों का इलाज कराया जा रहा है। दो घायलों को कानपुर एलएलआर रेफर किया गया है। चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। - सुशील कुमार दुबे, सीओ घाटमपुर