भाजपा नेता के खिलाफ अनशन पर बैठी पीड़िता, पुलिस ने किया जबरन हटाने का प्रयास
भाजपा नेता व उसके समर्थकों पर दोना-पत्तल के कारखाने में घुसकर तोडफ़ोड़ करने का आरोप लगाकर एक महिला अनशन पर बैठ गई। इस बात की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने महिला को जबरन हटाने का प्रयास किया तो पुलिस की महिला ने बहस हो गई।
कन्नौज, जेएनएन। एक भाजपा नेता पर समर्थकों के साथ दोना-पत्तल कारखाने में घुसकर तोडफ़ोड़ करने तथा महिला को बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगाकर कारखाने में काम करने वाली महिलाएं शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में अनशन पर बैठ गईं। इनका आरोप था कि पुलिस भाजपा नेता पर कार्रवाई नहीं कर रही है। आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने इन्हें जबरन हटाने की कोशिश की। इस पर नोकझोंक हुई।
सदर कोतवाली के मोहल्ला भगवानपुर युसूफपुर में कुसुम अग्निहोत्री का दोना-पत्तल का कारखाना है। जहां एनजीओ की कुछ महिलाएं काम करती हैं। आरोप है कि 26 दिसंबर की रात एक भाजपा नेता दो साथियों के साथ कारखाना में असलहा लेकर घुस आए और कब्जा करने की नियत से तोडफ़ोड़ की। काम करने वाली एक महिला ने विरोध किया तो बंधकर बनाकर उसके साथ मारपीट की। महिलाओं ने छेडख़ानी तथा लूटपाट करने का भी आरोप लगाया।
आरोप है कि कोतवाली पुलिस व अधिकारियों से शिकायत की तो सुनवाई नहीं हुई। इससे नाराज कारखाना मालिक कुसुम अग्निहोत्री शुक्रवार को पीड़ित महिला कर्मी के साथ डीएम कार्यालय के बाहर अनशन पर बैठ गईं और भाजपा नेता पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस व प्रशासन पर दोषियों को बचाने का आरोप लगाया। अनशन की जानकारी पर कोतवाली से पुलिस कर्मी पहुंच गए और महिलाओं को जबरन उठाने का प्रयास किया। इससे नाराज महिलाओं ने पुलिस पर आरोप लगा नोकझोंक की और अनशन से नहीं हटीं। एडीएम गजेंद्र कुमार ने बताया कि मामला पुलिस से जुड़ा है। पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया है।