जोनल अधिकारी की कुर्सी पर बैठ बहनों ने किया हंगामा
नगर निगम जोन-तीन के कार्यालय में एच ब्लॉक किदवई नगर निवासी दो सगी बहनों ने हंगामा किया। भाई का नाम कटवाने के लिए बड़ी बहन आभा अग्रवाल ने जोनल अधिकारी की कुर्सी पर बैठ कर कर्मचारियों से अभद्रता की।
जागरण संवाददाता, कानपुर दक्षिण : नगर निगम जोन-तीन के कार्यालय में एच ब्लॉक किदवई नगर निवासी दो सगी बहनों ने हंगामा किया। भाई का नाम कटवाने के लिए बड़ी बहन आभा अग्रवाल ने जोनल अधिकारी की कुर्सी पर बैठ कर कर्मचारियों से अभद्रता की। कंट्रोल रूम की सूचना पर पुलिस पहुंची और महिला सिपाहियों को बुलाकर दोनों बहनों को हिरासत में लिया है।
एच ब्लॉक किदवई नगर में स्वर्गीय गौरीशंकर अग्रवाल का मकान है। उनके एक बेटा राजीव अग्रवाल और दो अविवाहित बेटियां आभा और रजनी हैं। गौरीशंकर के देहांत के बाद राजीव ने मकान का नामांतरण अपने और दोनों बहनों के नाम कराया था। जिसका दोनों बहनें विरोध कर रही थीं। सोमवार को दोनों बहनें भाई का नाम कटवाने के लिए जोन-तीन कार्यालय पहुंची और हंगामा किया। आभा इस बीच जोनल अधिकारी के कमरे में पहुंची और उनकी कुर्सी पर बैठ गई। कर्मचारियों ने विरोध किया तो अभद्रता शुरू कर दी। कर्मचारियों ने जोनल अधिकारी राजीव शुक्ल को मोबाइल पर मामले की जानकारी दी। जिस पर वह मुख्यालय से अपर नगर आयुक्त की बैठक छोड़कर जोन दफ्तर पहुंचे। दोनों बहनों ने उनसे भी अभद्रता की। बाद में महिला सिपाहियों ने दोनों बहनों को हिरासत में लिया। मामले की जानकारी पर अपर नगर आयुक्त अमृत लाल ¨बद भी जोन कार्यालय पहुंचे।
जोनल अधिकारी जोन-तीन का कहना है कि नियमानुसार नामांतरण की प्रक्रिया की गई है। नामांतरण के पूर्व प्रकाशन कराया गया। आपत्ति थी तो प्रकाशन के बाद आपत्ति दर्ज करानी चाहिए थी। दोनों बहनें पूरे मकान में सिर्फ अपना हक और नाम दर्ज कराना चाहती हैं, जो नियमानुसार संभव नहीं है। महिलाओं के खिलाफ किदवई नगर थाने में तहरीर देकर सरकारी कार्य में बाधा और अभद्रता की रिपोर्ट दर्ज कराएंगे। इंस्पेक्टर किदवई नगर अनुराग मिश्र ने बताया कि बहनों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।