जनिए, कौन सी शौर्य गाथा सुनाने को साइकिल पर निकले है सिख रेजीमेंट के जवान
रांची के रामगढ़ सिख रेजीमेंट से दस जवानों का दल दिल्ली के लिए निकला है। शहर के एनसीसी ग्रुप हेडक्वार्टर में पहुंचे दल ने कैडेट्स को शौर्य गाथा सुना उत्साह भरा।
कानपुर (जागरण संवाददाता)। वह तारीख 27 अक्टूबर थी, जब श्रीनगर में एयरोप्लेन के जरिए सिख रेजीमेंट के जवान उतारे गए थे। स्वतंत्र भारत के इतिहास का वह पहला युद्ध था, जो विपरीत परिस्थितियों में लड़ा गया। जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए पाकिस्तानी फौज के दांत खट्टे कर दिए और देश के मुकुट कश्मीर पर कब्जा होने से बचा लिया। उस वीरता की याद के लिए हर साल इन्फैंट्री डे मनाया जाता है। इसी शौर्य गाथा को हर किसी को सुनाने के लिए सिख रेजीमेंट के जवान निकल पड़े हैं।
...जब जोश और उत्साह से लबरेज हुए कैडेट्स
रांची के रामगढ़ सिख रेजीमेंट से दस जवानों का दल सात अक्टूबर को साइकिल से दिल्ली के लिए निकला है। अगुवाई कर रहे हैं लेफ्टिनेंट कर्नल विनीत कुमार। रविवार को नगर के एनसीसी ग्रुप हेडक्वार्टर में कैडेट्स भी दल से इस गाथा को सुनकर जोश और उत्साह से लबरेज हो गए। विनीत कुमार बताते हैं कि 26 अक्टूबर 1947 को पाकिस्तान के हमले से बचने के लिए जम्मू-कश्मीर के राजा हरि सिंह ने भारत राज्य में शामिल होने के सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए थे। उसके बाद भारत ने वह युद्ध लड़ा और जीता। उनका दल देश के जवानों की वीरता याद दिलाने के साथ ही आमजन को यातायात के नियमों का पालन और स्वच्छता का संदेश देने निकला है। एनसीसी ग्रुप हेडक्र्वाटर कैंट में दल के स्वागत में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
देश की सभी 23 इन्फैंट्री से पहुंचेगे जवान
लेफ्टिनेंट कर्नल विनीत ने बताया कि देश में 23 रेजीमेंट सेंटरों से एक-एक दल इन्फैंट्री डे की जागरूकता के लिए साइकिल यात्रा पर निकला है। 27 अक्टूबर को सभी दिल्ली पहुंचेंगे, जहां थलसेना अध्यक्ष जनरल विपिन रावत सभी दलों को फ्लैग इन करेंगे।
12 सौ किमी लंबी यात्रा
सिख रेजीमेंट का साइकिल दल 12 सौ किमी की लंबी यात्रा करेगा। रामगढ़ से हजारीबाग, गया, सासाराम, वाराणसी, इलाहाबाद, कानपुर, आगरा, पलवल होते हुए दिल्ली पहुंचेगा। इस दौरान दल 11 स्थानों पर ठहराव लेगा।
दल में शामिल जवान
लेफ्टिनेंट कर्नल विनीत कुमार, हवलदार हरजीत सिंह, नायक कुलविंदर सिंह, सिपाही विक्रम सिंह, राजवीर सिंह, अमनदीप सिंह, पिं्रसपाल सिंह, सिमरनजीत सिंह, गुरपैर सिंह, गुरुविंदर सिंह दल में शामिल है। कानपुर के एनसीसी ग्रुप हेडक्वार्टर कर्नल सतेंदु महाजन ने बताया कि इन्फैंट्री डे के बारे में सेना का हर जवान जानता है, लेकिन सैनिकों के उस अदम्य साहस से आम लोग अनजान हैं। दल लोगों को इसकी जानकारी दे रहा है।