पुत्र को गद्दी सौंपने की ओर बढ़े श्याम बिहारी, उद्योग व्यापार मंडल के सदस्यों का फैसला Kanpur News
श्याम बिहारी मिश्र के स्वास्थ्य को देखते हुए व्यापारी नेताओं ने मुकुंद मिश्रा को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा है।
कानपुर, जेएनएन। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष श्याम बिहारी मिश्रा बेटे मुकुंद मिश्रा को गद्दी सौंपने के लिए एक कदम और आगे बढ़ गए हैं। प्रदेश के 22 जिलों ने श्याम बिहारी मिश्रा के स्वास्थ्य को देखते हुए मुकुंद मिश्रा को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव कर दिया है। अभी कुछ माह पहले ही मुकुंद मिश्रा को प्रदेश उपाध्यक्ष से वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया था।
मुकुंद मिश्रा को प्रदेश अध्यक्ष बनाने के प्रयास काफी दिनों से चल रहे हैं। कई बार इसके लिए पदाधिकारियों से आवाज भी उठवाई जा चुकी है। इसके लिए सबसे बड़ा कदम मेरठ में हुई प्रदेश कार्यसमिति में उठाया गया। इसमें प्रदेश के महामंत्री दिलीप सेठ ने प्रस्ताव रखा कि श्याम बिहारी मिश्रा के स्वास्थ्य को देखते हुए मुकुंद मिश्रा को कार्यवाहक अध्यक्ष बना दिया जाए। इसके बाद एक-एक कर 22 जिलों से आए पदाधिकारियों को बोलने का मौका दिया गया। इन सभी पदाधिकारियों ने मुकुंद मिश्रा को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाने के प्रस्ताव का समर्थन किया।
संगठन के पदाधिकारियों के मुताबिक इसके संबंध में 22 जिलों द्वारा दिए गए प्रस्ताव के बाद जल्द ही इस संबंध में औपचारिक घोषणा हो सकती है। इसके साथ ही मुकुंद मिश्रा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी निर्णय ले सकेंगे। मुकुंद को संगठन में कड़े निर्णय लेने के लिए जाना जाता है। व्यापार मंडल चुनाव में कभी वोटों से चुनाव नहीं हुआ लेकिन इसी वर्ष उन्होंने कानपुर उद्योग व्यापार मंडल का चुनाव मतदान के जरिये कराया। इससे पहले यही आरोप लगता था कि संगठन में नामांकन तो होगा लेकिन चुनाव नहीं होगा। उन्होंने इस मिथक को भी इस बार के चुनाव में तोड़ा था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप