शिवपाल यादव बोले, विधानसभा चुनाव में तालमेल के लिए समाजवादी पार्टी हमारी प्राथमिकता
प्रसपा अध्यक्ष बोले- भाजपा को हराने के लिए किया जाएगा गठबंधन फिलहाल संगठन मजबूत करने पर ध्यान।
कानपुर, जेएनएन। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) 2022 में प्रदेश की सत्ता में आने और भाजपा को हटाने के लिए दूसरे दल से तालमेल करेगी। इसके लिए समाजवादी पार्टी उनकी प्राथमिकता में है। यह बात शनिवार को प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कही।
अंतिम छह माह में बताएंगे कितनी सीटों पर लड़ेगी प्रसपा
दैनिक जागरण से बातचीत में उन्होंने कहा कि संगठन मजबूत बनाने के लिए उन्होंने विधानसभा सम्मेलन शुरू कर दिए हैं। 2022 में जहां भी सम्मान के साथ सीटों का तालमेल होगा, उसके साथ मिलकर चुनाव लड़ा जाएगा। उनके अनुसार पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, ये अंतिम छह माह में आपसी बातचीत के आधार पर तय होगा। बिधनू बाजार में आयोजित बिठूर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मेलन में वह बोले कि अगले विधानसभा चुनाव में प्रसपा के बिना कोई सरकार नहीं बनेगी। अध्यक्षता कानपुर ग्र्रामीण के अध्यक्ष विनोद कुमार प्रजापति ने की। राष्ट्रीय महासचिव रामनरेश यादव, पूर्व मंत्री शिवकुमार बेरिया, प्रदेश अध्यक्ष सुंदरलाल लोधी, मंडल प्रभारी रघुराज शाक्य आदि मौजूद रहे। भौंती में उनका स्वागत महानगर इकाई के अध्यक्ष आशीष चौबे ने किया। उनके साथ दीपू पांडेय, ऋषि दुबे, सचिन वोहरा, राकेश रावत, किसलय, हेमलता, हाजी अलाउद्दीन वारसी आदि मौजूद रहे।