किसान समस्याओं और बिजली की बढ़ी दरों के विरोध में प्रसपा कर रही प्रदेश व्यापी प्रदर्शन Etawah News
शिवपाल सिंह यादव ने केंद्र व प्रदेश की सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया है।
इटावा, जेएनएन। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने केंद्र व प्रदेश की सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया है। बुधवार को उनकी पार्टी ने किसान समस्याओं और बिजली की बढ़ी दरों को लेकर प्रदेशव्यापी प्रदर्शन शुरू किया है। उनका कहना है कि मौजूदा सरकार में आम जनता परेशान है, बिजली की दरें बढ़ाकर जनता पर बोझ बढ़ाया गया है।
बुधवार को प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव सैफई में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि बुधवार से प्रसपा पूरे प्रदेश में किसानों की समस्या, बिजली के बढ़े दाम व अन्य मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रही है। इटावा के प्रदर्शन में हम भी शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंदी ने व्यापारियों की कमर तोड़ दी है और व्यापार खत्म हो गया है। केंद्र व प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री रामसेवक यादव गंगापुरा मौजूद थे। इसके साथ ही उनहोंने साफ किया कि वह जसवंतनगर से चुनाव लड़ेंगे। साथ ही कहा है कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) को मेरा चुनाव प्रचार करना चाहिये। बताते चलें सपा द्वारा विधानसभा में उनके विधायक पद को लेकर आपर्ति दर्ज कराई गई है और इसपर बहुत जल्द फैसला आने वाला है।