शिवपाल ने कहा, गैर भाजपावाद के लिए सभी का एकजुट होना जरूरी
सैफई में आयोजित शादी समारोह में मुलायम शिवपाल और अखिलेश को एक मंच पर देखकर एक बार फिर दूरियां कम होने की अटकलें तेज हो गई हैं। वहीं प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह ने भी भाजपा के खिलाफ एकजुट होने पर जोर दिया है।
इटावा, जेएनएन। सैफई में शादी समारोह के बाद सपा से शिवपाल की दूरियां शायद कुछ कम होती नजर आने लगी हैं। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि गैर भाजपावाद के लिए सभी का एकजुट होना बहुत जरूरी है। वह प्रसपा नेता के घर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट जाने को कहा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश की हालत बहुत खराब है। गरीब जनता किसान, बेरोजगार अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने पार्टी की नीतियों और रीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया। इसके साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट जाएं।