यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 08, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Kanpur में घोष वादन से गूंजे देश की एकजुटता और अखंडता के स्वर, शिविरार्थियों ने दिया एकजुट भारत का संदेश
कानपुर में स्वर संगम घोष शिविर के दूसरे दिन अभ्यास के दौरान शिविरार्थियों ने एकजुट भारत का संदेश दिया है। ...और पढ़ें

कानपुर, जागरण संवाददाता। गंगा के पावन तट पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की ज्ञान स्थली से अभ्यास के दौरान अलग-अलग वाद्यों के घोष से भारतीय संस्कृति की अखंडता व एकजुटता के स्वर सुनाई पड़े। युवा पीढ़ी के निर्माण की दिशा में कदम बढ़ने के साथ भारतीय संस्कृति के संरक्षण की तान भी छिड़ी रही।
नौ अक्टूबर को सर संघचालक मोहन भागवत के सामने पथ संचलन में घोष वादक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। वहीं, प्रदर्शनी में विलुप्त हो रहे सारंगी और सितार के मिश्रण वाद्ययंत्र दिलरुबा और पांच सौ साल पुरानी पैर से धौंक कर बजाये जाने वाले हारमोनियम ने सबको आकर्षित किया।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय नवाबगंज में स्वर संगम घोष शिविर के दूसरे दिन शुक्रवार को अभ्यास का शुभारंभ संघ के अखिल भारतीय शारीरिक प्रमुख जगदीश, सह व्यवस्था प्रमुख अनिल ओक, प्रांत प्रचारक श्रीराम व प्रांत प्रचार प्रमुख डा. अनुपम की मौजूदगी में हुआ।
इसके बाद शिविरार्थियों ने वाद्ययंत्रों के तार छेड़े और अंगुलियां घुमाईं तो हर किसी के मन मयूर पुलक उठे। नई पीढ़ी को विलुप्त होते वाद्ययंत्रों की जानकारी देने के लिए जगाई गई अलख रोशन होती नजर आई। 53 तरह के वाद्य यंत्रों के माध्यम से अभ्यास के दौरान घोष वादकों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। घंटों लोग उनके आकर्षण में बंधे रहे। किसी ने तबला बजाया तो कोई सितार, गिटार व वायलिन के साथ नजर आया।
अधिकांश वाद्य यंत्र बजाने में महारत रखने वाले मनीष ने रेन स्टिक और खंजीरा (एक छोटा ताल वाद्य यंत्र) बजाकर सबका मन मोह लिया। सरस्वती ज्ञान मंदिर इंद्रा नगर के प्रधानाचार्य जगदीश कुमार पाठक, संगीत विभागाध्यक्ष दीपक राजपूत, राम अभिलाख प्रदर्शनी में लगे वाद्य यंत्रों की बारीकियां बताते रहे।
अभ्यास के दौरान प्रांत संघचालक ज्ञानेंद्र सचान, सह प्रांत प्रचारक रमेश, प्रांत सह कार्यवाह भवानी भीख, प्रांत शारीरिक प्रमुख ओंकार, शिविर मुख्य प्रशिक्षक अविनाश, प्रांत विशेष संपर्क प्रमुख संजीव पाठक व नीतू सिंह मौजूद रहीं।
आज रात आएंगे संघ प्रमुख, कल पथ संचलन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक मोहन भागवत आठ अक्टूबर को रात में ही शहर पहुंच जाएंगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। नौ अक्टूबर की सुबह उनके सामने पथ संचलन के दौरान 1500 घोष वादक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
क्रांतिकारियों के नाम पर शिविर मार्गों का नामकरण
वीएसएसडी डिग्री कालेज और पंडित दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय परिसर में आयोजित संघ के स्वर संगम घोष शिविर में आने-जाने के लिए बनाए गए मार्गों का नामकरण क्रांतिकारियों के नाम पर किया गया है। पांच प्रमुख मार्गों का नाम चंद्रशेखर आजाद, रानी लक्ष्मी बाई, गणेश शंकर विद्यार्थी, तात्या टोपे व गुरु गोविंद सिंह मार्ग रखा गया है।
उत्तर भारत का पहला घोष शिविर
संघ की स्थापना के बाद उत्तर भारत में आयोजित इस पहले घोष शिविर में कानपुर प्रांत के छह विभागों के 21 जिलों, 110 खंड व 103 नगरों से घोष वादक स्वयंसेवक शामिल हो रहे। घोष शिविर में 10 अक्टूबर तक अपने-अपने वाद्यों के साथ अभ्यास करेंगे।
प्रदर्शनी में प्रमुख वाद्ययंत्र
साधारण हारमोनियम, सफरी हारमोनियम, तबला, सितार, मेलोडिका, कांसर्ट फ्लूट, सैक्सोफोन, ट्रंपेट, गिटार, वायलिन, जाइलो फोन, बांस की बांसुरी, इलेक्ट्रानिक की-बोर्ड, की-बोर्ड स्टैंड, पीतल की घोष वाली बांसुरी पांच, ढोलक, आक्टो पैड, कांगो, जाज ड्रम सेट, रेन स्टिक, मंजीरा, लंबा घुंघरू, लेदर घुंघरू, गाय का घुंघरू, मर्कस, खंजड़ी, खंजीरा, डुग्गी, एकतारा, हेडफोन, बैंजो (बुलबुल तरंग), शहनाई, एकार्डियन, हवाइन गिटार, पखावज, तानपुरा व माउथ आर्गन आदि।