प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ने कहा, PM Modi सरकार में कभी नहीं सुनाई दिया घोटाला
ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने भाजयुमो उत्तर दक्षिण ग्रामीण जिले की वर्चुअल रैली को संबोधित किया।
कानपुर, जेएनएन। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा कि 2014 में मोदी सरकार बनने से पहले रोज गेहूं, चीनी, टू जी, थ्रीजी स्पेक्ट्रम घोटाले ही सुनाई देते थे। जबसे मोदी सरकार बनी है, एक भी घोटाला नहीं हुआ। सरकार हर वर्ग की फिक्र करते हुए काम कर रही है। बल्कि वैश्विक स्तर पर वसुधैव कुटुंबकम के भाव के चलते पूरे विश्व में भारत का मान बढ़ा है।
भाजयुमो उत्तर दक्षिण, ग्रामीण जिले की वर्चुअल रैली को संबोधित करते उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर सवर्णो को मजबूत करने के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था भी सरकार ने की। आठ करोड़ लोगों को घर, गैस चूल्हा, बिजली, शौचालय, जनधन खाते और चिकित्सा की चिंता करते हुए सभी की व्यवस्था की। लॉकडाउन में 80 करोड़ परिवारों के लिए पांच महीने के राशन व भोजन की चिन्ता भी सरकार ने की।
इस वर्चुअल रैली के माध्यम से उन्होंने सरकार की उपलब्धियां बताने के साथ कार्यकर्ताओं को काेरोना संकट काल में जनता की मदद करने की अपील की। रैली की अध्यक्षता भाजयुमो उत्तर जिलाध्यक्ष नवाब सिंह यादव, संचालन रवींद्र सिंह चौहान, धन्यवाद शशांक मिश्रा ने किया। इसमें उत्तर जिलाध्यक्ष सुनील बजाज, दक्षिण जिलाध्यक्ष डॉ. वीना आर्या, विकास दुबे, शिवांग मिश्रा, शिव वीर सिंह, अनूप अवस्थी, मनीष त्रिपाठी आदि शामिल रहे।